विरासत मेले में हस्तशिल्प, पारंपरिक परिधान और खानपान का लोगों ने उठाया आनंद
रांची, 01 अगस्त (हि.स.)। मारवाड़ी सहायक समिति की ओर से हरमू रोड स्थित मारवाड़ी भवन परिसर में आयोजित चार दिवसीय परंपरा कला एवं विरासत मेले के तीसरे दिन शनिवार को शिव तांडव नृत्यनाटिका का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में रक्षा मंत्री संजय सेठ और वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर शामिल हुये।
मौके पर राधा कृष्ण किशोर ने कहा कि समाज की महिलाओं की ओर से लघु और छोटे उद्योग के माध्यम से परंपरा के इस पारंपरिक मेले में जिस तरह हजारों चीजों का यहां हम अवलोकन कर रहे हैं। यही मारवाड़ी समाज की पूंजी ओर परंपरा है। उन्होंने कहा कि मारवाड़ी समाज में एकता है एवं सम्मान देने की भावना है तभी यह परंपरा आपके बीच कायम है जब एकता हमारे बीच होगी तभी परंपरा कायम रहेगी।
मारवाड़ी समाज ने समाज में किया है आदर्श स्थापित : संजय सेठ
इस अवसर पर रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा मारवाड़ी समाज ने आदर्श स्थापित किया है। पूरी दुनिया में मारवाड़ी समाज ने अपना एक स्थान बनाया है। मारवाड़ी समाज ने स्कूल, अस्पताल, मुक्तिधाम, पनशाला सेवा भाव से बनाकर मानव सेवा का सबसे बड़ा उदाहरण दिया है।
यहां महिला लघु उद्योग के माध्यम से सुंदर मेले का प्रायोजन किया गया है इससे कई लोगो को रोजगार भी मुहैया होगा।
उल्लेखनीय है कि इस मेले में देश के विभिन्न राज्यों से आईं महिला उद्यमियों ने 90 से अधिक स्टॉल लगाए हैं। इन स्टॉलों पर हस्तशिल्प, पारंपरिक परिधान, गृह सज्जा की वस्तुएं, हस्तनिर्मित उत्पाद, आभूषण, हर्बल वस्तुएं, सूती, सिल्क वस्त्रों के उत्पाद, खानपान की समुचित व्यवस्था एवं अन्य रचनात्मक उत्पाद प्रदर्शित के साथ बिक्री के लिए उपलब्ध हैं। तीन दिनों से लगातार हजारों लोगो ने परंपरा मेले में पहुंच जरूरत की चीजों की खरीददारी की। खरीदारी के साथ-साथ लोग क्षेत्रीय शुद्ध खानपान का भी भरपूर आनंद ले रहे हैं। मेले में प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ रही है। यह आयोजन भारतीय कला, संस्कृति, लोक परंपराओं और समृद्ध विरासत को बढ़ावा देने के साथ-साथ महिला उद्यमियों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन, मार्केटिंग और आर्थिक सशक्तिकरण का प्रभावी मंच दे रहा है। इससे महिलाओं के स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता को भी नई दिशा मिल रही है।
इसके पूर्व समिति के अध्यक्ष पवन शर्मा ने आये हुए अतिथियों का स्वागत किया उन्होंने मारवाड़ी सहायक समिति के 113 वर्ष के पूरे सामाजिक, धार्मिक कार्यो के विषयों पर जानकारी दी।
आयोजकों ने बताया कि मेले का मुख्य उद्देश्य महिला उद्यमियों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन एवं विपणन के लिए एक सशक्त मंच उपलब्ध कराना और स्थानीय कला, संस्कृति और हस्तशिल्प को बढ़ावा देना है।
इस अवसर पर मारवाड़ी सहायक समिति, रांची के पूर्व अध्यक्ष ओमप्रकाश अग्रवाल, सुरेश चंद्र अग्रवाल,पवन पोद्दार, ललित पोद्दार,कमल केडिया, किशन पोद्दार, मुकेश काबरा, मनोज चौधरी, रमन बोड़ा, कौशल राजगढ़िया सहित कई सदस्य मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे