टाटानगर से चलने वाली कई रेलगाड़ियां रद्द, यात्रियों की बढ़ेगी परेशानी
जमशेदपुर, 20 अप्रैल (हि.स.)। दक्षिण पूर्व रेलवे के आद्रा मंडल में रेलगाड़ियों के संचालन में बड़े बदलाव किए गए हैं,जिसका सीधा असर टाटानगर से यात्रा करने वाले यात्रियों पर पड़ेगा।
सोमवार को रेलवे की ओर से जारी सूचना के अनुसार आने वाले दिनों में कई महत्वपूर्ण रेलगाड़ियों को रद्द किया गया है,जबकि कुछ के मार्ग बदले गए हैं और कुछ को आंशिक रूप से चलाने का निर्णय लिया गया है।
टाटानगर से जुड़ी प्रमुख टाटानगर-हटिया रेलगाड़ी को 21 और 23 अप्रैल 2026 को पूरी तरह रद्द कर दिया गया है। वहीं 22 और 25 अप्रैल को यह रेलगाड़ी परिवर्तित मार्ग से चलेगी। अब यह चांडिल,गुंडा बिहार और मुरी होकर अपने गंतव्य तक पहुंचेगी,जिससे बीच के कई स्टेशनों के यात्रियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है।
इसी प्रकार टाटानगर से आसनसोल के बीच चलने वाली मेमू यात्री रेलगाड़ी को भी आंशिक रूप से संचालित किया जाएगा। यह रेलगाड़ी अब अपने निर्धारित मार्ग के बजाय आद्रा तक ही चलेगी। 20, 21 और 23 अप्रैल को इसका संचालन आद्रा तक सीमित रहेगा, जिससे टाटानगर से आगे जाने वाले यात्रियों को बीच में ही उतरकर दूसरी व्यवस्था करनी पड़ेगी।
इसके अलावा मिदनापुर, भोजुडीह, चंद्रपुरा, झाड़ग्राम और पुरुलिया मार्ग की कई मेमू रेलगाड़ियों को भी अलग-अलग तिथियों में रद्द किया गया है। ये रेलगाड़ियां 21, 23, 24 और 26 अप्रैल को निर्धारित समय पर नहीं चलेंगी, जिससे दैनिक यात्रियों की परेशानी और बढ़ सकती है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार यह सभी बदलाव पटरियों के रखरखाव और अन्य तकनीकी कार्यों के कारण किए गए हैं,ताकि भविष्य में रेलगाड़ियों का संचालन अधिक सुरक्षित और सुचारु रूप से किया जा सके। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा पर निकलने से पहले अपनी रेलगाड़ी की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें। असुविधा के लिए खेद जताते हुए रेलवे ने कहा है कि यह निर्णय यात्रियों की सुरक्षा और बेहतर सेवा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक