सन्नी टोप्पो ने संभाला भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष का पदभार
रांची, 16 सितंबर (हि.स.)। झारखंड भाजपा प्रदेश कार्यालय के सभागार में पार्टी के अनुसूचित जनजाति मोर्चा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष सन्नी टोप्पो ने पारंपरिक माहौल के बीच पदभार ग्रहण किया। इस मौके पर आयोजित समारोह में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कांग्रेस और झारखंड मुक्ति मोर्चा पर निशाना साधते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने अलग झारखंड राज्य का निर्माण कर आदिवासियों की असली हितैषी होने का प्रमाण दिया है।
सन्नी टोप्पो के कार्यभार संभालने से पहले पार्टी कार्यालय में पारंपरिक आदिवासी संस्कृति की छंटा देखने को मिली। समाज के पारंपरिक मुख्य पाहन जगलाल पाहन और शिबू पाहन के नेतृत्व में 11 पाहनों ने प्रकृति की शक्ति, ग्राम देवता और ‘सरना माई’ की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। पारंपरिक ‘डंडा कट्टना’ अनुष्ठान संपन्न कराने के बाद नवनियुक्त अध्यक्ष को कार्यालय में प्रवेश कराया गया
इस दौरान पूरा सभागार पारंपरिक ढोल-नगाड़ों की थाप और तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। हालिया रिपोर्टों में भी सन्नी टोप्पो के पदभार ग्रहण समारोह और पारंपरिक कार्यक्रम का उल्लेख है।
मौके पर नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने हेमंत सरकार और विपक्षी दलों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि झारखंड का अलग राज्य बहुत पहले ही बन जाता, लेकिन कांग्रेस ने पैसे के बल पर आंदोलन को खरीदने का प्रयास किया और झामुमो ने इसे बेचने का काम किया। अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व वाली केंद्र की भाजपा सरकार ने अपना वादा निभाते हुए अलग झारखंड राज्य का गठन किया।
उन्होंने केंद्र की एनडीए सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि भाजपा ने ही देश की एक जनजाति महिला को राष्ट्रपति बनाकर आदिवासी समाज को ऐतिहासिक सम्मान दिया है। साथ ही, 15 नवंबर को ‘जनजातीय गौरव दिवस’ घोषित कर देश को आदिवासी महापुरुषों के योगदान से परिचित कराया है।
झारखंड में घटती आदिवासी आबादी पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि राज्य में आदिवासियों की आबादी 35 प्रतिशत से घटकर 26 प्रतिशत पर आ गई है। यह आंकड़ा 1951 में 35.38 प्रतिशत और 2011 की जनगणना में 26.20 प्रतिशत दर्ज हुआ था।
इस अवसर पर नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष सन्नी टोप्पो ने कहा कि पार्टी ने उन जैसे साधारण कार्यकर्ता को जो जिम्मेदारी सौंपा है, उसके लिए वे केंद्रीय और प्रदेश नेतृत्व के आभारी हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हमेशा आदिवासियों के राजनीतिक, शैक्षणिक, सामाजिक और आर्थिक उत्थान के लिए चिंतित रहते हैं।
टोप्पो ने कहा कि 2029 में होने वाले आगामी लोकसभा और विधानसभा चुनावों में भाजपा को जीत दिलाने के लिए जनजाति समाज पूरी ताकत झोंक देगा और कोई कोर कसर नहीं छोड़ेगा। सन्नी टोप्पो को हाल ही में झारखंड भाजपा के अनुसूचित जनजाति मोर्चा का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया था।
मौके पर संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह और पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष समीर उरांव ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए केंद्र सरकार की योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने पर 17 सितंबर को हर घर में आशीर्वाद का दीया जलाने का आह्वान किया।
समारोह में अर्जुन मुंडा, सुदर्शन भगत, बालमुकुंद सहाय और आरती कुजूर सहित सैकडों जनजाति समाज के लोग और पार्टी के वरिष्ठ नेता उपस्थित थेे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे