एसएसपी ने पदोन्नत पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों को किया सम्मानित

 


रांची, 01 सितंबर (हि.स.)। रांची के वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) राकेश रंजन ने मंगलवार को वीरता, कर्तव्यनिष्ठा एवं उत्कृष्ट सेवा से पदोन्नति प्राप्त पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को सम्मानित किया।

एसएसपी कार्यालय में पुलिस अवर निरीक्षक से पुलिस निरीक्षक के पद पर पदोन्नत हुए शैलेन्द्र कुमार सिंह, रोशन कुमार सिंह, विश्वजीत कुमार सिंह के अलावा आरक्षी से सहायक अवर निरीक्षक के पद पर पदोन्नत हुए कृष्णा उरांव, विनय टेटे के बैज लगाया गया।

एसएसपी ने सभी पदोन्नत पदाधिकारियों एवं कर्मियों को बधाई देते हुए कहा कि पदोन्नति उनके द्वारा किए गए उत्कृष्ट कार्य, कर्तव्यनिष्ठा एवं समर्पण का सम्मान है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि सभी पदोन्नत पदाधिकारी एवं कर्मी नई जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी, अनुशासन एवं पेशेवर दक्षता के साथ करेंगे तथा आमजन की सेवा, अपराध नियंत्रण एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक (नगर)पारस राणा, पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण)गौरव गोस्वामी , रांची, पुलिस अधीक्षक (यातायात) राकेश सिंह, रांची सहित रांची पुलिस के अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे