तालाब में डूब रहे भाई की जान बचाने में गंवाई खुद की जान

 


बोकारो, 04 जून (हि.स.)।

चंद्रपुरा प्रखंड के झरनाडीह स्थित एक तालाब में गुरुवार काे नहाने के दौरान हुए हादसे में एक युवक की मौत हो गई।

मृतक की पहचान झरनाडीह निवासी दीपक यादव के रूप में हुई है। वह मिलटन यादव के बड़े पुत्र थे।

जानकारी के अनुसार दीपक यादव अपने चचेरे भाई के साथ तालाब में स्नान करने गया था। नहाने के दौरान उसका चचेरा भाई अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। भाई को संकट में देख दीपक बिना देर किए उसे बचाने के लिए गहरे पानी में कूद पड़ा। उसने अपने चचेरे भाई को सुरक्षित बाहर निकाल दिया, लेकिन इस दौरान खुद गहरे पानी में डूब गया।

घटना के बाद तालाब किनारे मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल खोजबीन शुरू की और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद दीपक को तालाब से बाहर निकाला। इसके बाद उसे आनन-फानन में स्थानीय डीवीसी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही चंद्रपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया में जुटी है।

इस दर्दनाक घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। ग्रामीणों ने दीपक की बहादुरी को याद करते हुए कहा कि उसने अपने भाई की जान बचाने के लिए अपनी जान की परवाह नहीं की। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल कुमार