श्रीराम के आदर्श आज भी राष्ट्र निर्माण का आधार : वीरेंद्र विमल

 


जमशेदपुर, 31 मार्च (हि.स.)। विश्व हिन्दू परिषद (विहिप) जमशेदपुर महानगर के गोविंदपुर प्रखंड अंतर्गत स्वामी सहजानंद सरस्वती संस्थान में मंगलवार को श्रीरामोत्सव मनाया गया। यह आयोजन हिंदू नववर्ष से प्रारंभ होकर हनुमान जन्मोत्सव तक चलने वाले देशव्यापी श्रीरामोत्सव श्रृंखला का हिस्सा है, जिसके माध्यम से विहिप भगवान श्रीराम के आदर्शों और उनके जीवन मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करती है।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता पटना एवं गुवाहाटी क्षेत्र के संत संपर्क प्रमुख वीरेंद्र विमल ने अपने संबोधन में कहा कि प्रभु श्रीराम केवल एक धार्मिक प्रतीक नहीं, बल्कि हर युग के लिए आदर्श पुरुष हैं। उन्होंने कहा कि भारत की सामाजिक और राजनीतिक संरचना भी श्रीराम के आदर्शों और उनके सुशासन की नीति से प्रेरित रही है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि आज के समय में यदि कोई तत्व पूरे देश को एक सूत्र में जोड़ता है,तो वह भगवान श्रीराम की भावना ही है,जिसका सजीव उदाहरण अयोध्या में निर्मित भव्य श्रीराम मंदिर है।

वीरेंद्र विमल ने आगे कहा कि भगवान श्रीराम के जीवन की प्रेरणाएं आज भी समाज को एकजुट रखने का कार्य कर रही हैं। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वे श्रीराम के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाएं,जिससे समाज में नैतिकता,एकता और समरसता मजबूत हो सके।

कार्यक्रम में विहिप सिंहभूम विभाग मंत्री अरुण सिंह ने भी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि जिस प्रकार त्रेता युग में रावण के संहार के लिए विभिन्न शक्तियां श्रीराम के नेतृत्व में एकजुट हुई थीं,उसी प्रकार आज भी हिंदू समाज को संगठित होकर कार्य करने की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि जमशेदपुर में पहली बार रामनवमी अखाड़ा समितियों और हिंदू समाज को विहिप के मार्गदर्शन में एकजुट करने का प्रयास किया गया है,जो सामाजिक एकता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

इस अवसर पर प्रांत मठ मंदिर प्रमुख देवेंद्र गुप्ता,विभाग संगठन मंत्री मिथिलेश,बजरंग दल विभाग संयोजक मुन्ना दुबे, महानगर मंत्री चंद्रिका भगत, बजरंग दल संयोजक चंदन दास, सत्संग प्रमुख रितेश ओझा, बलोपासना प्रमुख प्रतिक, प्रखंड अध्यक्ष ज्ञान प्रकाश सहित अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता,महिलाएं और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। कार्यक्रम में श्रीराम के जीवन से प्रेरणा लेकर समाज में समरसता और एकता को बनाए रखने का संदेश दिया गया।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक