बिजली कटौती से जनजीवन प्रभावित, व्यवस्था सुधारने की मांग
देवघर, 24 मई (हि.स.)। भीषण गर्मी और उमस भरे मौसम के बीच शहर में लगातार हो रही बिजली कटौती को लेकर संथाल परगना चेंबर ऑफ़ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के सदस्य अजय कुमार ने गहरी चिंता व्यक्त की है।
उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से देवघर की बदहाल बिजली व्यवस्था को शीघ्र दुरुस्त करने की मांग की है। अजय कुमार ने कहा कि लगातार बिजली कटौती से ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।
खासकर देवघर आने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को भीषण गर्मी के कारण काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि अनियमित बिजली आपूर्ति का असर शिक्षा, कृषि, व्यापार और उद्योग पर भी पड़ रहा है। बिजली नहीं रहने से छात्र-छात्राओं की पढ़ाई बाधित हो रही है, वहीं व्यापारिक गतिविधियां भी प्रभावित हो रही हैं। उन्होंने बिजली विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि लगातार बिगड़ती व्यवस्था के बावजूद विभाग की ओर से कोई ठोस पहल नजर नहीं आ रही है। अजय कुमार ने सरकार से अविलंब बिजली व्यवस्था में सुधार हेतु प्रभावी कदम उठाने की मांग की है, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy