एक पेड़ मां के नाम लगाएं, वृक्ष बनने तक उसकी जिम्मेदारी भी निभाएं : ऋतुराज

 






रामगढ़, 05 जून (हि.स.)।

विश्व पर्यावरण दिवस पर शुक्रवार को जिला प्रशासन ने नमामि गंगे योजना के तहत थाना चौक स्थित दामोदर नदी घाट पर वृहद पाैधारोपण अभियान चलाकर पर्यावरण संरक्षण का सशक्त संदेश दिया। कार्यक्रम में जिला प्रशासन, वन विभाग, छावनी परिषद, सामाजिक संगठनों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों की सहभागिता ने इसे जनआंदोलन का स्वरूप

दिया। कार्यक्रम में डीसी ऋतुराज के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में एसपी मुकेश कुमार लुनायत, डीएफओ नीतीश कुमार, छावनी परिषद के सीईओ विवेक सिंह सहित कई वरिष्ठ अधिकारी एवं सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए।

एसपी मुकेश कुमार लुनायत ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और प्राकृतिक संसाधनों के अंधाधुंध दोहन के कारण पर्यावरण अनेक चुनौतियों का सामना कर रहा है। ऐसे में हम सभी की जिम्मेदारी है कि अधिक से अधिक पौधारोपण करें, जल स्रोतों की रक्षा करें, प्लास्टिक के उपयोग को कम करें और स्वच्छता को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाएं। पुलिस विभाग भी पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के लिए प्रतिबद्ध है।

डीसी ऋतुराज ने कहा कि जिस प्रकार मां हमारा पालन-पोषण करती है। उसी प्रकार प्रकृति हमें जीवन देती है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे एक पेड़ मां के नाम अवश्य लगाएं और केवल पौधारोपण तक सीमित न रहकर उसकी सुरक्षा एवं देखभाल की जिम्मेदारी भी निभाएं। उन्होंने कहा कि पौधों के चारों ओर मजबूत ट्री-गार्ड या गेबियन लगाकर उन्हें सुरक्षित रखना और वृक्ष बनने तक उनका संरक्षण करना ही वास्तविक पर्यावरण सेवा है।

वन प्रमंडल पदाधिकारी नीतीश कुमार ने कहा कि बढ़ता तापमान और बदलता मौसम मानव समाज के लिए चेतावनी है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी योजनाओं तक सीमित नहीं रह सकता, बल्कि हर नागरिक को जल संरक्षण, प्लास्टिक उन्मूलन और वृक्षारोपण के लिए व्यक्तिगत स्तर पर पहल करनी होगी।

कार्यक्रम के तहत वन प्रमंडल की ओर से उपलब्ध कराए गए 50 पौधों का रोपण किया गया। पौधों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सीसीएल रजरप्पा क्षेत्र की ओर से 50 मजबूत गेबियन (ट्री-गार्ड) लगाए गए। वहीं पौधारोपण स्थल की साफ-सफाई, गड्ढों की खुदाई एवं अन्य व्यवस्थाएं छावनी परिषद और नगर परिषद रामगढ़ द्वारा की गईं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश