मंत्री ने किया पेटरवार में नवनिर्मित वन विश्रामागार का उद्घाटन

 


बोकारो, 19 जून (हि.स.)। पेटरवार स्थित नवनिर्मित वन विश्रामागार का शुक्रवार को पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने फीता काटकर और शिलापट्ट का अनावरण कर विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर वन विभाग के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों ने पुष्पगुच्छ एवं पौधा भेंट कर उनका स्वागत किया।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने कहा कि नवनिर्मित वन विश्रामागार क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इसके निर्माण से अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों, पर्यटकों तथा आम नागरिकों को बेहतर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिससे प्रशासनिक कार्यों के संचालन में भी सुविधा होगी।

उन्होंने कहा कि झारखंड प्राकृतिक सौंदर्य, वन संपदा और पर्यटन की अपार संभावनाओं से समृद्ध राज्य है। ऐसे में आधारभूत संरचनाओं का विकास पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित करने और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

उन्होंने विश्वास जताया कि यह वन विश्रामागार आगंतुकों के लिए एक उपयोगी और सुविधाजनक केंद्र के रूप में स्थापित होगा।

मंत्री ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को वन विश्रामागार के समुचित रखरखाव, स्वच्छता, सुरक्षा और बेहतर संचालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आम जनता को गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है और ऐसी जनोपयोगी परिसंपत्तियों का संरक्षण एवं प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जाना चाहिए।

इस मौके पर क्षेत्रीय मुख्य वन संरक्षक, बोकारो वन प्रमंडल पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ), अंचल अधिकारी (सीओ) सहित कई विभागीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि और कई लोग उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल कुमार