डीजे लदा पिकअप वैन में करंट आने से एक युवक की मौत, तीन घायल
लोहरदगा, 27 मई (हि.स.)। कुडू थाना क्षेत्र के बड़की चांपी गांव में बुधवार को बारात से लौट रहा डीजे लदा पिकअप वाहन 11 हजार वोल्ट का करंट प्रवाहित बिजली तार के सम्पर्क में आने से तीन युवक झुलस गए। इलाज के दौरान एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो युवक घायल हैं।
दोनों का इलाज लोहरदगा सदर अस्पताल में चल रहा है।
बताया जाता है कि मंगलवार शाम को कुड़ू थाना क्षेत्र के बड़की चांपी बड़का टोली से लातेहार बारात गई थी। बुधवार को बारातियों के काफिले मे शामिल डीजे लदा पिकअप वैन वापस बड़का टोली लौट रहा था। बड़की चांपी पुलिस पिकेट के बगल होते हुए डीजे लदा वाहन बड़का टोली जा रहा था वाहन जैसे ही बड़का टोली जाने के रास्ते में घुमावदार मोड़ के समीप पहुंचा सड़क किनारे झुल रहे 11 हजार वोल्ट के बिजली तार के सम्पर्क में आ गया। वाहन के बिजली तार से सम्पर्क में आते ही पूरे वाहन में करंट दौड़ गया।
वाहन में सवार तीन लोग सुमित उरांव, सत्येन्द्र उरांव और प्रिंस उरांव झुलस गए। घटना की सुचना के बाद ग्रामीण पहुंचे और तीनों को इलाज के लिए लोहरदगा सदर अस्पताल पहुंचाया जहां जांच के बाद सुमित उरांव को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि दो घायलों सत्येंद्र उरांव और प्रिंस उरांव का इलाज लोहरदगा सदर अस्पताल में चल रहा है। एक युवक को मामुली करंट लगा है जिसका इलाज निजी क्लीनिक में कराया गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है।
कुड़ू थाना प्रभारी अजीत कुमार ने बताया कि डीजे लदा पिकअप वैन के बिजली तार से सम्पर्क होने पर एक युवक की मौत की सूचना मिली है। पुलिस पूरे मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गोपी कृष्ण कुँवर