खूंटी के नए एसपी ने संभाला पदभार, अपराध नियंत्रण को बताया प्राथमिकता
खूंटी, 19 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय पुलिस सेवा (2019 बैच) के अधिकारी ऋषभ गर्ग ने रविवार को खूंटी जिले के नए पुलिस अधीक्षक (एसपी) के रूप में पदभार ग्रहण किया। उन्होंने निवर्तमान एसपी मनीष टोप्पो से कार्यभार संभाला। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज निवासी ऋषभ गर्ग इससे पूर्व जमशेदपुर में ग्रामीण एसपी के पद पर कार्यरत थे। खूंटी में एसपी के रूप में यह उनकी पहली पदस्थापना है।
पदभार ग्रहण करने के बाद शाम को पत्रकाराें से बातचीत में उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा की जन्मभूमि के रूप में विश्वविख्यात इस क्षेत्र के गौरवशाली इतिहास को ध्यान में रखते हुए वे अपने कर्तव्यों का निर्वहन करेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में अपराध नियंत्रण उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।
उन्होंने कहा कि पूर्व में जिले में नशे के खिलाफ चलाए गए अभियान और एनडीपीएस एक्ट के तहत की गई सख्त कार्रवाई को आगे भी जारी रखा जाएगा। इसके साथ ही अपराध के ग्राफ में कमी लाने के लिए प्रभावी रणनीति अपनाई जाएगी। सड़क सुरक्षा को लेकर भी उन्होंने विशेष चिंता जताई और कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों को कम करने के लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
खूंटीवासियों को आश्वस्त करते हुए उन्होंने कहा कि पुलिस हर समय आम जनता की सेवा के लिए तत्पर है। लोग किसी भी समय फोन के माध्यम से या सीधे कार्यालय आकर अपनी समस्याएं साझा कर सकते हैं। इससे पूर्व खूंटी पहुंचने पर उन्हें पुलिस अधीक्षक कार्यालय के बाहर गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इस अवसर पर निवर्तमान एसपी मनीष टोप्पो, एसडीपीओ वरुण रजक, मुख्यालय डीएसपी अखिल नीतीश कुजूर, तोरपा एसडीपीओ ख्रिस्टोफर केरकेट्टा सहित अन्य पुलिस अधिकारियों ने नवपदस्थापित एसपी का स्वागत कर उन्हें शुभकामनाएं दीं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मिश्रा