झारखंड में मानसून मेहरबान, सिमडेगा में सर्वाधिक 120.8 मिमी बारिश, 29 जुलाई तक येलो अलर्ट जारी

 


रांची, 25 जुलाई (हि.स.)। झारखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। राजधानी रांची सहित पूरे राज्य में जुलाई महीने के दौरान अच्छी बारिश दर्ज की जा रही है। जून में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगमन के बाद कुछ दिनों तक इसकी रफ्तार धीमी पड़ गई थी, लेकिन अब मानसून के फिर सक्रिय होने से राज्य के अधिकांश हिस्सों में लगातार वर्षा हो रही है। मौसम विभाग ने 27 और 28 जुलाई को भी राज्य के अधिकांश इलाकों में अच्छी बारिश की संभावना जताई है। साथ ही 29 जुलाई तक गर्जन, वज्रपात और तेज हवा को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक 120.8 मिलीमीटर वर्षा सिमडेगा जिले में दर्ज की गई। इसके अलावा कोलेबिरा में 59.4 मिमी, मसानजोर में 43.2 मिमी, घाटशिला में 32.6 मिमी, रांची में 26.3 मिमी, खूंटी जिले के रनिया में 22.8 मिमी और हजारीबाग में 21.5 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। राज्य के अन्य कई इलाकों में भी मध्यम से अच्छी वर्षा हुई।

मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि 29 जुलाई तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में गर्जन के साथ आकाशीय बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है। इसे देखते हुए लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से खुले स्थानों में नहीं जाने की अपील की गई है।

शनिवार को रांची और आसपास के क्षेत्रों में सुबह से आसमान में बादल छाए रहे, लेकिन दोपहर बाद मौसम साफ हो गया और धूप निकलने से उमस बढ़ गई। बारिश नहीं होने के कारण लोगों को दिनभर गर्मी का एहसास हुआ। इस दौरान राजधानी में अधिकतम 95 प्रतिशत आर्द्रता दर्ज की गई।

पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सर्वाधिक तापमान पाकुड़ में 33.4 डिग्री सेल्सियस और सबसे कम तापमान लातेहार में 21.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

शनिवार को रांची का अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 23.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जमशेदपुर में अधिकतम 31 डिग्री और न्यूनतम 25.6 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 31.6 डिग्री और न्यूनतम 25.9 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 31.1 डिग्री और न्यूनतम 25.5 डिग्री तथा चाईबासा में अधिकतम 28.8 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak