होली पर वेतन नहीं मिलने पर शिक्षक संघ ने जताई नाराजगी
गाेड्डा 05 मार्च (हि.स.)। जिले के महागामा प्रखंड के प्राथमिक शिक्षकों को होली जैसे महत्वपूर्ण पर्व पर वेतन नहीं मिलने पर शिक्षकों में आक्रोश देखा जा रहा है। इस मामले पर झारखंड राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ के राज्य महामंत्री चक्रधर यादव ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन की कार्यशैली पर नाराजगी जताई है।
इसे लेकर गुरुवार को महागामा प्रखंड के शिक्षक संगठन के पदाधिकारियों ने बैठक कर विस्तृत चर्चा की। बैठक में निर्णय लिया गया कि मामले को संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ-साथ गोड्डा के उपायुक्त तक पहुंचाया जाएगा, ताकि शिक्षकों को इस प्रकार की स्थिति का सामना पुनः नहीं करना पड़े।
प्रखंड सचिव विनोद कुमार गुप्ता ने जानकारी देते हुए कहा कि इस मामले में जिला स्तर पर लापरवाही बरती गई है। आवंटन उपलब्ध नहीं होने का हवाला देकर शिक्षकों का वेतन भुगतान लंबित रखा गया है। इससे त्योहार के समय शिक्षकों को आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ा।
उन्होंने सवाल उठाया कि जनवरी माह का वेतन अब तक नहीं मिला है। यदि आवंटन की समस्या है तो इसके लिए जिम्मेदारी तय होनी चाहिए।
विनोद कुमार गुप्ता ने कहा कि निर्णय लेने में देरी और शिक्षकों के बीच संवाद की कमी भी इस समस्या का एक कारण है। उन्होंने सभी शिक्षकों से एकजुट होकर अपनी आवाज उठाने की अपील की। साथ ही प्रस्ताव रखा कि उपायुक्त को स्मार पत्र देकर समस्या के समाधान की मांग की जाए।
बैठक में रितेश रंजन, कुमार नितेश कुमार, अतिकुर रहमान, मुरारी प्रसाद शर्मा सहित शिक्षक संघ के कई सदस्य मौजूद थे।
इधर, क्षेत्रीय सचिव जयकांत यादव ने भी पूरे मामले को राज्य स्तर पर उठाने और संबंधित अधिकारियों से वार्ता कर समाधान निकालने की बात कही।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रंजीत कुमार