रामगढ़ में साहित्य का उत्सव : 'शब्द मित्र सम्मान' से सम्मानित हुए विक्रांत गुप्ता

 


रामगढ़, 17 अप्रैल (हि.स.)। रामगढ़ में साहित्यिक चेतना और सांस्कृतिक सरोकारों को नई ऊंचाई देने वाला एक भावनात्मक और प्रेरणादायक आयोजन उस समय देखने को मिला, जब कर्णधार संस्था के संस्थापक विक्रांत गुप्ता को 'शब्द मित्र सम्मान' से नवाजा गया। यह सम्मान स्थानीय कवियों की ओर से शुक्रवार काे शहर के थाना चौक स्थित होटल शिवम इन के सभागार में आयोजित समारोह के दौरान प्रदान किया गया।

साहित्य को सशक्त करने की दिशा में अहम पहल

कला, संस्कृति, साहित्य एवं जनसेवा को समर्पित संस्था कर्णधार के माध्यम से विक्रांत गुप्ता लगातार साहित्यिक गतिविधियों को बढ़ावा दे रहे हैं। उनके इसी समर्पण और प्रयासों को देखते हुए रामगढ़ के कवियों ने उन्हें 'शब्द मित्र सम्मान' देकर सम्मानित किया। सम्मान स्वरूप उन्हें मोमेंटो के साथ प्रभु श्रीराम की जागृत तस्वीर भेंट की गई जो उनके कार्यों के आध्यात्मिक और सांस्कृतिक महत्व को भी दर्शाता है।

विराट कवि सम्मेलन बना मील का पत्थर

हाल ही में इसी सभागार में आयोजित भव्य विराट कवि सम्मेलन ने रामगढ़ के साहित्यिक परिदृश्य में नई ऊर्जा का संचार किया। देशभर से आए कवियों की उपस्थिति ने इस आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया। यह पहली बार था जब रामगढ़ के कवियों को इतना बड़ा और सशक्त मंच मिला, जिससे स्थानीय प्रतिभाओं को पहचान और अभिव्यक्ति का नया अवसर प्राप्त हुआ।

भावुक हुए विक्रांत गुप्ता

सम्मान प्राप्त करने के बाद विक्रांत गुप्ता ने इसे अपने जीवन का 'अनमोल क्षण' बताते हुए कहा कि यह उनके लिए सिर्फ सम्मान नहीं, बल्कि जिम्मेदारी भी है। उन्होंने बताया कि यह पहल उन्होंने राकेश के साथ मिलकर एक छोटे प्रयास के रूप में शुरू की थी, जो आज एक बड़े आंदोलन का रूप लेती दिख रही है।

ये थे उपस्थित

कार्यक्रम का संचालन राकेश ने की। इस अवसर पर कई प्रतिष्ठित साहित्यकार और समाजसेवी उपस्थित रहे, जिनमें प्रमुख रूप से वरिष्ठ कवि अवध प्रसाद, होटल शिवम इन के संचालक विजय मेवाड़, प्रख्यात साहित्यकार डॉ संजय सिंह, सुप्रसिद्ध शायर सरोज झा झारखंडी साहित्यप्रेमी संजय मिश्रा आदि उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश