जेएसएलपीएस के सीईओ ने हनी माइग्रेशन सेंटर का किया निरीक्षण
रांची, 01 जून (हि.स.)। झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसायटी (जेएसएलपीएस) के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी (सीईओ) अनन्य मित्तल ने कहा कि हनी वैल्यू चेन परियोजना के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को मधुमक्खी पालन, शहद उत्पादन एवं विपणन से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है।
वे सोमवार को रांची जिले के नगड़ी एवं इटकी प्रखंड अंतर्गत हनी वैल्यू चेन परियोजना के तहत गठित झारखंड मधु आजीविका फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड (एफपीसी) से जुड़ी आजीविका सखी मंडल की मधु पालक दीदियों की ओर से संचालित हनी माइग्रेशन सेंटर के निरीक्षण के दौरान संबोधित कर रहे थे।
निरीक्षण के दौरान अनन्या मित्तल ने मधु पालक दीदियों से मधुमक्खी पालन और शहद उत्पादन से संबंधित गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने शहद की पैकेजिंग व्यवस्था एवं हनी बॉक्स का अवलोकन किया और व्यवसाय की विभिन्न बारीकियों पर महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि उत्पाद की गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उसे निरंतर बनाए रखना आवश्यक है। साथ ही झारखंड में उत्पादित शहद को अन्य राज्यों के बाजारों तक पहुंचाने एवं इस व्यवसाय का विस्तार करने के लिए योजनाबद्ध प्रयास किए जाने चाहिए, ताकि अधिक से अधिक ग्रामीण महिलाओं को रोजगार एवं आय के अवसर प्राप्त हो सकें।
इस अवसर पर हनी वैल्यू चेन परियोजना के एसपीएम संजय दास, डीपीएम अभिषेक चांद, डीएम एंटरप्राइज, डीएम एसएमआईबी, नगड़ी एवं इटकी प्रखंड के बीपीएम, प्रखंड टीम, एफपीसी के निदेशक मंडल के सदस्य, एफपीसी से जुड़ी मधु पालक दीदियां सहित अन्य प्रखंड स्तरीय कर्मी उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे