एचईसी मजदूरों की मांगों को लेकर पांच नवंबर से आंदोलन की चेतावनी
रांची, 01 नवंबर (हि.स.)। एचईसी मजदूरों की लंबित समस्याओं और अधिकारों को लेकर हटिया मजदूर लोक मंच एवं हटिया मजदूर यूनियन की संयुक्त बैठक रविवार को धुर्वा स्थित यूनियन कार्यालय में हुई। बैठक में मजदूरों के विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई और प्रबंधन से उनका तत्काल समाधान करने की मांग की गई। साथ ही चेतावनी दी गई कि मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन शुरू किया जाएगा।
इस अवसर पर यूनियन के अध्यक्ष भवन सिंह ने कहा कि एचईसी में कार्यरत मजदूरों को समय पर वेतन नहीं मिलने सहित कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। मजदूरों के हितों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
भवन सिंह ने बताया कि बैठक में 2018 बैच के अस्थायी मजदूरों का लंबित प्रमोशन शीघ्र करने, हर महीने समय पर वेतन भुगतान, कैंटीन व्यवस्था बहाल करने, पीएफ लोन दोबारा शुरू करने और बकाया पीएफ का भुगतान करने की मांग उठाई गई। इसके अलावा तीनों प्लांटों के फर्स्ट एड सेंटर में एंबुलेंस की व्यवस्था करने, सप्लाई मजदूरों को बोनस एवं ग्रेडेशन का लाभ देने और भारत सरकार द्वारा घोषित सेंट्रल वेज लागू करने पर जोर दिया गया। सप्लाई और ठेका मजदूरों की छंटनी पर तत्काल रोक लगाने की मांग भी की गई।
दोनों संगठनों ने प्रबंधन से तत्काल वार्ता बुलाकर मजदूरों की समस्याओं का अंतरिम समाधान निकालने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर पांच नवंबर 2026 को एफएफपी शेड में संयुक्त आमसभा आयोजित कर आंदोलन शुरू किया जाएगा।
बैठक में रामकुमार नायक, विमल महली, अनिल चौधरी, पवन सिंह, हरेंद्र प्रसाद, महेंद्र कुमार और राजेंद्र कुमार सहित अन्य सदस्य मौजूद थे।---------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar