रामगढ़ में टीबी मुक्त भारत अभियान का सफल समापन, 173 निक्षय मित्रों ने दिए 11.06 लाख रुपये
रामगढ़, 14 जुलाई (हि.स.)। रामगढ़ जिले में 100 दिवसीय 'टीबी मुक्त भारत अभियान' के सफल समापन पर मंगलवार को टाउन हॉल में 'निक्षय मित्र सम्मान सह पोषण पोटली वितरण समारोह' आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 173 निक्षय मित्रों ने टीबी मरीजों के पोषण सहयोग के लिए कुल 11 लाख छह हजार रुपये का योगदान दिया। इस राशि से मरीजों को पोषण पोटलियां उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे उपचार के साथ उनकी पोषण संबंधी जरूरतों को भी पूरा किया जा सके।
कार्यक्रम का उद्देश्य टीबी उन्मूलन अभियान में समाज की भागीदारी को बढ़ावा देना, निक्षय मित्रों को सम्मानित करना और टीबी मरीजों को पोषण सहायता उपलब्ध कराना था। इस अवसर पर समाज के विभिन्न वर्गों से जुड़े 173 निक्षय मित्रों को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए बड़कागांव के विधायक रोशन लाल चौधरी ने कहा कि टीबी केवल स्वास्थ्य विभाग की नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। निक्षय मित्रों ने समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए यह साबित किया है कि जनसहभागिता से बड़ी से बड़ी चुनौती का भी प्रभावी समाधान संभव है। उन्होंने सामाजिक संगठनों, उद्योगों, संस्थानों और सक्षम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में निक्षय मित्र बनने की अपील की।
मांडू विधायक निर्मल महतो ने इस मौके पर कहा कि टीबी पूरी तरह उपचार योग्य बीमारी है। समय पर जांच और नियमित इलाज से इसे पूरी तरह समाप्त किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि सरकार मरीजों को निःशुल्क जांच, दवा और पोषण सहायता उपलब्ध करा रही है, जिसका लाभ सभी पात्र लोगों तक पहुंचना चाहिए।
उपायुक्त ऋतुराज ने कहा कि टीबी मुक्त भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए रामगढ़ जिला पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि 100 दिवसीय विशेष अभियान के दौरान जिले में व्यापक स्तर पर स्क्रीनिंग, जांच, उपचार और जनजागरूकता अभियान चलाए गए, जिनके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि 173 निक्षय मित्रों द्वारा 11.06 लाख रुपये का योगदान समाज की संवेदनशीलता और जनसहभागिता का उत्कृष्ट उदाहरण है।
कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल, सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार, प्रभारी पदाधिकारी (गोपनीय शाखा) रविंद्र कुमार गुप्ता, जिला यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ. स्वराज, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (डीएलओ) डॉ. तूलिका रानी, डीआरसीएचओ डॉ. ठाकुर मृत्युंजय कुमार सिंह तथा सांसद प्रतिनिधि राजीव जायसवाल सहित कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।-------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश