साइबर अपराधी ने आर्मी स्कूल के प्रिंसिपल का मोबाइल हैक कर निकाले 40 हजार
रामगढ़, 05 जून (हि.स.)। जिले में साइबर अपराधियों ने इस बार आर्मी स्कूल के प्रिंसिपल को ही अपना शिकार बना लिया है। शुक्रवार को आर्मी स्कूल के प्राचार्य पंकज कुमार जैन साइबर सेल पहुंचे और उन्होंने 40 हजार की अवैध निकासी का मामला दर्ज कराया।
पंकज कुमार जैन ने साइबर थाना के पदाधिकारियों को बताया कि 02 दिनों पहले उनके मोबाइल पर केवाईसी अपडेट करने के लिए एक फोन आया था। जब उन्होंने कहा कि वह बैंक जाकर अपना केवाईसी अपडेट करा लेंगे। लेकिन कॉल करने वाले व्यक्ति ने कहा कि एक्सिस बैंक में केवाईसी अपडेट कराने का लास्ट डेट है। 02 घंटे के बाद ही अपडेशन खत्म हो जाएगा।
इस दौरान फोन करने वाले व्यक्ति ने व्हाट्सएप पर एक एपीके फाइल भेजी। आर्मी स्कूल के प्रिंसिपल, मीटिंग और अन्य कामों में इतने मसरूफ थे कि उन्होंने वह फाइल डाउनलोड कर ली। फाइल डाउनलोड करते ही साइबर क्रिमिनल्स ने उनका मोबाइल हैक कर लिया और उनके बैंक खाते से 40 हजार रुपये की अवैध निकासी कर ली।
जब उन्हें पैसे की निकासी का मैसेज आना शुरू हुआ तो उनके होश उड़ गए। आनन-फानन में उन्होंने बैंक और पुलिस को इसकी सूचना दी। इसके बाद शुक्रवार को वे खुद रामगढ़ साइबर थाना पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी दी। साइबर सेल ने उन्हें मोबाइल फॉर्मेट करने की सलाह दी, ताकि आगे उनके बैंक अकाउंट और अन्य चीजों से छेड़छाड़ ना हो सके। साइबर सेल इस मामले में जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश