रामगढ़ में कड़ी सुरक्षा के बीच झारखंड उत्पाद सिपाही परीक्षा संपन्न

 




रामगढ़, 12 अप्रैल (हि.स.)। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) की ओर से आयोजित झारखंड उत्पाद सिपाही लिखित परीक्षा का रामगढ़ जिले में रविवार को शांतिपूर्ण एवं कदाचार मुक्त संचालन सुनिश्चित किया गया। जिला प्रशासन की सुदृढ़ तैयारियों एवं सतत निगरानी के फलस्वरूप सभी 32 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा तीन पालियों में सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई।

परीक्षा में कुल 9,384 अभ्यर्थियों ने लिया भाग

परीक्षा में कुल 9,384 अभ्यर्थियों के लिए जिले में व्यापक व्यवस्थाएं की गई थीं। डीसी फैज अक अहमद मुमताज के नेतृत्व में अनुमंडल पदाधिकारी अनुराग कुमार तिवारी, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों द्वारा सभी केंद्रों पर सतत निगरानी रखी गई, जिससे परीक्षा प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष एवं पारदर्शी बनी रही।

किए गए सुरक्षा के कड़े इंतजाम

परीक्षा के दौरान सभी केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। अभ्यर्थियों की प्रवेश के समय सघन जांच (फ्रिस्किंग) की गई। किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण एवं प्रतिबंधित सामग्री के प्रवेश पर पूर्णतः रोक सुनिश्चित की गई। साथ ही सीसीटीवी निगरानी एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के माध्यम से कदाचार की संभावनाओं को पूरी तरह समाप्त किया गया। डीसी ने सफल आयोजन के लिए सभी दंडाधिकारियों, केंद्र अधीक्षकों, पुलिस बल एवं संबंधित अधिकारियों, कर्मियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के समन्वित प्रयास से परीक्षा का सफल संचालन संभव हो सका।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश