चार मई, ममता गई के नारों से गूंज उठा भाजपा कार्यालय
भाजपा कार्यालय पर बंगाल विजय का जश्न,बनाई झालमुड़ी, ढोल-नगाड़ों के साथ बांटी मिठाईयां
झांसी, 04 मई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के महानगर कार्यालय पर जिला अध्यक्ष सुधीर सिंह के नेतृत्व में पश्चिम बंगाल सहित तीन राज्यों में भाजपा की ऐतिहासिक विजय के उपलक्ष्य में कार्यकर्ताओं द्वारा ढोल-नगाड़ों के साथ भव्य उत्सव मनाया गया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों ने गिले शिकवे भुलाकर झालमुड़ी तैयार की। कार्यकर्ताओं के बीच बंगाली मिठाई एवं झालमुड़ी वितरित की गई तथा एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी साझा की गई। साथ ही आतिशबाजी कर जीत का जश्न मनाया गया।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी करते हुए “4 मई ममता गई” के नारों से कार्यालय परिसर को गुंजायमान कर दिया।
इस अवसर पर क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता ममता सरकार के शासन से त्रस्त हो चुकी थी। वहां लंबे समय से अराजकता और गुंडाराज का माहौल था। जनता ने इस बार स्पष्ट संदेश दे दिया है कि जनसेवा और विकास के लिए भारतीय जनता पार्टी ही एकमात्र विकल्प है।
जिला अध्यक्ष सुधीर सिंह ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पश्चिम बंगाल,पुडूचेरी एवं असम में सनातन विचारधारा और राष्ट्रवाद की विजय हुई है। उन्होंने कहा कि यह जीत उन शक्तियों की हार है जो महिलाओं का अपमान करती हैं और समाज में भय एवं अस्थिरता का वातावरण बनाती हैं।
इस अवसर पर सदर विधायक रवि शर्मा,बबीना विधायक राजीव सिंह परीक्षा, एमएलसी रामतीर्थ सिंघल,रमा निरंजन,विधायक गरौठा जवाहर राजपूत, राम नरेश तिवारी,जमुना कुशवाहा,अनुपमा लोधी,मुकेश मिश्रा,मनमोहन गेडा, विकास कुशवाहा, प्रदीप गुप्ता रानीपुर,रानू देवालिया, प्रियांशु डे, मोहित पोरवाल, शैलेन्द्र परमार, कमलेश परिहार, सुरेंद्र सिंह पाल सहित पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।---------------
हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया