नेबरहुड यूथ पार्लियामेंट का आयोजन,युवाओं को नशामुक्ति का संदेश

 


चतरा, 17 अक्टूबर (हि.स.)। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत मेरा युवा भारत चतरा की ओर से शनिवार को सदर प्रखंड के गंधरिया पंचायत सचिवालय में प्रखंड स्तरीय नेबरहुड यूथ पार्लियामेंट का आयोजन किया गया। ‘नशामुक्त युवा’ विषय पर आयोजित कार्यक्रम में युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया और नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की गई।

कार्यक्रम में जिला परिषद सदस्य चंद्रदेव गोप मुख्य अतिथि और गंधरिया पंचायत की मुखिया अनीता यादव विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित थीं। रोजगार सेवक राकेश रंजन और समाजसेवी संजय यादव ने भी कार्यक्रम में भाग लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मेरा युवा भारत चतरा के जिला युवा अधिकारी धीरेंद्र कुमार ने की।

वक्ताओं ने कहा कि नशे की लत व्यक्ति के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के साथ-साथ उसके पारिवारिक और सामाजिक जीवन को भी प्रभावित करती है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और परिवार तथा समाज में नशामुक्ति के प्रति जागरूकता फैलाने की अपील की।

मुख्य अतिथि चंद्रदेव गोप ने युवाओं से अपनी सामाजिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। वहीं, मुखिया अनीता यादव ने युवाओं को सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने और समाज में जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया।

जिला युवा अधिकारी धीरेंद्र कुमार ने कहा कि युवा देश की अमूल्य शक्ति हैं। उनकी ऊर्जा और क्षमता का सकारात्मक उपयोग राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकता है। उन्होंने नशामुक्ति अभियान को जनभागीदारी से जोड़ने तथा युवाओं, पंचायत प्रतिनिधियों और आम लोगों के सामूहिक प्रयासों पर जोर दिया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक उमा कुमारी, रौनक कुमार, जयनाथ कुमार, मनोज कुमार और तापेश्वर कुमार यादव ने सक्रिय योगदान दिया।---------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेन्द्र तिवारी