विभूति एक्सप्रेस की चपेट में आने से युवक की मौत

 


देवघर, 08 जून (हि.स.)। मधुपुर थाना क्षेत्र के सेठभीला के समीप सोमवार को रेलवे ट्रैक पर एक युवक का क्षत-विक्षत शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान सुनील राय (31) के रूप में हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सेठभीला के पास पोल संख्या 295/6-8 डाउन रेलवे ट्रैक पर एक व्यक्ति का शव पड़ा होने की सूचना 12334 विभूति एक्सप्रेस के चालक ने मधुपुर स्टेशन प्रबंधक एवं रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) को दी। सूचना मिलते ही आरपीएफ मधुपुर के इंस्पेक्टर श्याम सुंदर कुमार और मधुपुर थाना के एएसआई शशी राय पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और शव को ट्रैक से हटाकर अपने कब्जे में लिया।

प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि युवक की मौत विभूति एक्सप्रेस की चपेट में आने से हुई है। शव की स्थिति अत्यंत क्षत-विक्षत होने के कारण शुरुआत में पहचान करने में कठिनाई हुई, लेकिन बाद में परिजनों और स्थानीय लोगों ने उसकी पहचान सुनील राय के रूप में की। स्थानीय लोगों के अनुसार मृतक की मानसिक स्थिति पिछले कुछ समय से ठीक नहीं थी। हालांकि यह घटना आत्महत्या, दुर्घटना या किसी अन्य कारण से हुई है, इसका स्पष्ट खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

वहीं आरपीएफ और स्थानीय पुलिस संयुक्त रूप से मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy