सेल्फी लेने के दौरान सुग्गा बांध फॉल में डूबने से युवक की मौत

 


लातेहार, 05 जुलाई (हि.स.)।जिले के बारेसांड थाना क्षेत्र के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सुग्गा बांध फॉल में रविवार को डूबने से गढ़वा निवासी आयुष तिवारी (33) की मौत हो गई।

स्थानीय लाेगाें से मिली जानकारी के अनुसार आयुष तिवारी अपने चार दोस्तों के साथ दोपहर करीब तीन बजे सुग्गा बांध फॉल घूमने पहुंचे थे। हाल की बारिश के कारण फॉल में पानी का बहाव तेज था और कई स्थानों पर पानी की गहराई बढ़ गई थी। फॉल का नजारा देखने के दौरान आयुष सेल्फी लेने के लिए फिसलन भरे पत्थरों की ओर बढ़े। इसी दौरान उनका संतुलन बिगड़ गया और वे गहरे पानी में गिर गए। साथ में मौजूद दोस्तों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन तेज बहाव और अधिक गहराई के कारण सफलता नहीं मिल सकी।

घटना की सूचना मिलने पर बारेसाढ़ थाना प्रभारी शशि कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और वन विभाग की मदद से करीब एक घंटे तक चले तलाश अभियान के बाद आयुष को पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया जाता है कि मृतक अपने माता-पिता के इकलौते पुत्र थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव कुमार