खेत से युवक का शव बरामद, हत्या की आशंका
बोकारो, 18 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के माराफारी थाना क्षेत्र की झोपड़ी कॉलोनी में रविवार देर रात कृष्ण मंदिर के समीप खेत से एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान त्रिलोकी शर्मा के पुत्र अमित कुमार के रूप में हुई है। युवक का चेहरा बुरी तरह कुचला हुआ था। शव की स्थिति को देखते हुए परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
परिजनों के अनुसार, अमित ड्यूटी जाने की बात कहकर घर से निकला था। उसने रात आठ बजे तक लौटने की बात कही थी, लेकिन निर्धारित समय पर घर नहीं पहुंचा। रात नौ बजे तक वापस नहीं आने पर परिवार के सदस्यों ने उसके मोबाइल पर फोन किया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुआ। इसके बाद परिजन उसकी तलाश में जुट गए। वहीं मृतक के भाई प्रिंस कुमार ने बताया कि रात करीब 10 बजे के बाद परिवार के सदस्य अमित को खोजने निकले। लगभग एक घंटे तक आसपास तलाश करने के बाद भी उसका कोई पता नहीं चला। इसी दौरान परिजन कृष्ण मंदिर के समीप खेत की ओर पहुंचे, जहां अमित की पल्सर बाइक खड़ी मिली। बाइक देखकर उन्हें किसी अनहोनी की आशंका हुई।
इसके बाद परिजनों ने टॉर्च की रोशनी में आसपास तलाश शुरू की। रात करीब एक बजे के बाद खेत में अमित का शव पड़ा मिला। शव देखते ही परिजनों के होश उड़ गए। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। युवक की मौत से परिवार में मातम पसरा है। सूचना मिलने पर माराफारी थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच-पड़ताल की। पुलिस के अनुसार, घटनास्थल की परिस्थितियों से आशंका है कि युवक की हत्या कर शव को खेत में फेंका गया होगा। हालांकि, हत्या के कारणों का फिलहाल कोई जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस ने शव को लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हत्या सहित अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही युवक की मौत की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल कुमार