नीट पेपर लीक के विरोध में युवा कांग्रेस का लोकभवन घेराव,शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग
रांची, 02 जून (हि.स.)। राष्ट्रीय पात्रता-सह-प्रवेश परीक्षा (नीट-यूजी) और केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं के विरोध में मंगलवार को रांची महानगर युवा कांग्रेस के नेतृत्व में सैकड़ों युवाओं ने लोकभवन का घेराव किया। प्रदर्शन का नेतृत्व युवा कांग्रेस नेता गौरव सिंह ने किया।
प्रदर्शन के दौरान युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नीट-यूजी-2026 एवं सीबीएसई बोर्ड परीक्षा में हुए पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (एनटीए) को भंग करने, शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफा लेने तथा परीक्षा प्रणाली में व्यापक सुधार लागू करने की मांग की।
युवा कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पेपर लीक की घटनाओं ने देशभर के लाखों छात्रों और उनके अभिभावकों का विश्वास तोड़ा है। उन्होंने आरोप लगाया कि परीक्षा प्रणाली में लगातार हो रही अनियमितताओं के कारण मेहनती और प्रतिभाशाली छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। कार्यकर्ताओं ने दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने, परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और प्रभावित परीक्षाओं को दोबारा आयोजित करने की मांग भी की।
मौके पर सभा को संबोधित करते हुए गौरव सिंह ने कहा कि देशभर में 20 लाख से अधिक छात्र नीट परीक्षा में शामिल हुए थे। इन छात्रों ने वर्षों की मेहनत और तैयारी के बाद परीक्षा दी थी, लेकिन पेपर लीक की घटनाओं ने उनके सपनों और उम्मीदों को गहरा आघात पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि गरीब और मेहनती छात्रों की मेहनत को पेपर माफिया और व्यवस्था की खामियां बर्बाद कर रही हैं।
गौरव सिंह ने कहा कि युवा कांग्रेस छात्रों के अधिकारों और उनके भविष्य की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी। उन्होंने कहा कि वे छात्रों के हक की लड़ाई अंतिम सांस तक लड़ने के लिए प्रतिबद्ध हैं और युवाओं की आवाज को मजबूती से उठाते रहेंगे।
प्रदर्शन में झारखंड प्रदेश युवा कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष विक्की ठाकुर, शिल्पी वर्मा, प्रदेश महासचिव लक्ष्मीकांत, पूर्व महासचिव शादाब खान, प्रदेश सचिव आयुष अग्रवाल, रांची विधानसभा अध्यक्ष वसीम खान, हटिया अध्यक्ष आतिफ, कांके विधानसभा अध्यक्ष सैफुल्लाह खालिद सहित युवा कांग्रेस के सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे। ---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak