चोरी के आरोप में गिरफ्तार युवक पुलिस कस्टडी से फरार

 


रांची, 01 अगस्त (हि.स.)। चोरी और साजिश के आरोप में गिरफ्तार 21 वर्षीय मो. असफाक अंसारी पुलिस कस्टडी से फरार हो गया। घटना के बाद खेलगांव थाना में हड़कंप मच गया। पुलिस आरोपित की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।

पुलिस के अनुसार, हिरासत में रहने के दौरान मो. असफाक अंसारी ने बाथरूम जाने की अनुमति मांगी। काफी देर तक उसके बाहर नहीं आने पर पुलिसकर्मियों ने बाथरूम का दरवाजा खोला, लेकिन वह वहां नहीं मिला। प्रारंभिक आशंका है कि आरोपित बाथरूम के वेंटिलेटर के रास्ते फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने थाना परिसर और आसपास के इलाकों में सघन तलाशी अभियान चलाया, लेकिन देर शाम तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका। पुलिस संभावित ठिकानों पर भी छापेमारी कर रही है।

खेलगांव थाना प्रभारी निर्भय कुमार ने शनिवार को बताया कि फरार आरोपित की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लेगी। मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।-----------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे