शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण का आरोपित युवक गिरफ्तार
बोकारो, 04 जून (हि.स.)। शादी का झांसा देकर युवती के साथ शारीरिक संबंध बनाने और बाद में विवाह से इनकार करने के आरोप में बालीडीह थाना पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपित को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, 19 मई को बालीडीह थाना क्षेत्र की एक महिला ने लिखित आवेदन देकर आरोप लगाया था कि राहुल तिर्की नामक युवक ने शादी का वादा कर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। जब महिला ने विवाह करने का दबाव बनाया तो आरोपित ने शादी से साफ इनकार कर दिया। इसके अलावा महिला ने आरोपित पर मानसिक प्रताड़ना और धमकी देने का भी आरोप लगाया। आवेदिका के बयान के आधार पर बालीडीह थाना में मामला दर्ज किया गया और जांच शुरू की गई।
अनुसंधान के क्रम में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गुरुवार को आरोपित राहुल तिर्की (19) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि मामले में आवश्यक साक्ष्य संकलित किए गए हैं। गिरफ्तारी के बाद आरोपित को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
इस कार्रवाई में पुलिस अवर निरीक्षक नित्यानंद भोक्ता, पुलिस अवर निरीक्षक जितेंद्र कुमार यादव, हवलदार शोभापति मिंज तथा आरक्षी मरियानुस जोजो शामिल रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल कुमार