अरगोड़ा से अपहृत युवक नगड़ी से बरामद, चार आरोपित गिरफ्तार
रांची, 14 सितंबर (हि.स.)। रांची के अरगोड़ा थाना क्षेत्र में देर रात एक युवक के अपहरण का मामला सामने आया है। पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए युवक को नगड़ी थाना क्षेत्र के सुनसान जंगल से सुरक्षित बरामद कर लिया। मामले में पुलिस ने चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
सिटी एसपी पारस राणा ने सोमवार को बताया कि 14 सितंबर की रात करीब 12:10 बजे हर्ष कुमार अपने दोस्तों के साथ आई-20 कार से लालपुर में जन्मदिन की पार्टी में शामिल होकर कडरू स्थित अपने घर लौट रहे थे। कार्तिक उरांव चौक के पास उनकी कार खराब हो गई, जिसके बाद वे वहां रुक गए। इसी दौरान एक महिंद्रा एक्सयूवी 500 वहां पहुंची। आरोप है कि एक्सयूवी में सवार 3-4 लोगों ने हर्ष कुमार को जबरन पकड़कर अपनी गाड़ी में बैठा लिया।
घटना की सूचना मिलते ही रांची पुलिस ने कई टीमों का गठन कर अलग-अलग जगहों पर छापेमारी शुरू की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने नगड़ी थाना क्षेत्र के एक सुनसान जंगल से हर्ष कुमार को सुरक्षित बरामद कर लिया।
मामले में पुलिस ने असगर खान, विनय कुमार साहु, भोला नायक और आकाश कुमार साहु को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के पास से घटना में इस्तेमाल महिंद्रा एक्सयूवी 500, पांच स्मार्टफोन, 6,500 रुपये नकद और झारखंड सरकार का स्टांप पेपर बरामद किया है, जिस पर हर्ष कुमार के हस्ताक्षर बताए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपित आकाश कुमार साहु का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। वह लोहरदगा थाना में दर्ज शिकायत के मामले में के तहत जेल जा चुका है।
पुलिस की छापेमारी टीम में एएसपी कोतवाली, वरीय डीएसपी हटिया, अरगोड़ा थाना प्रभारी सहित पुलिस पदाधिकारी, तकनीकी शाखा के कर्मी और अरगोड़ा थाना रिजर्व गार्ड शामिल थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे