क्षेत्रीय विज्ञान-गणित मेले में विद्या विकास समिति बनी ओवरऑल चैंपियन

 




रामगढ़, 30 सितंबर (हि.स.)। रामप्रसाद चंद्रभान सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में आयोजित तीन दिवसीय क्षेत्रीय विज्ञान-गणित मेले का बुधवार को भव्य समापन हुआ।

समापन समारोह में विज्ञान और गणित के क्षेत्र में प्रतिभागियों की प्रतिभा को सम्मान मिला। मेले में झारखंड और बिहार के विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे छात्रों ने अपने मॉडल, प्रयोग और परियोजनाओं के माध्यम से वैज्ञानिक सोच, तार्किक क्षमता और नवाचार का प्रदर्शन किया।

तीन दिनों तक विद्यालय परिसर में विज्ञान और गणित के विभिन्न मॉडल और प्रयोग आकर्षण का केंद्र बने रहे। विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों पर आधारित परियोजनाएं प्रस्तुत कर अपनी रचनात्मकता और वैज्ञानिक दृष्टिकोण का परिचय दिया। निर्णायकों ने प्रतिभागियों के मॉडल, प्रयोग एवं प्रस्तुतियों का मूल्यांकन किया।

समापन समारोह में विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विद्या भारती के अखिल भारतीय मंत्री ब्रह्माजी राव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। उनके साथ क्षेत्रीय संगठन मंत्री ख्यालीराम, विद्या विकास समिति के प्रदेश सचिव नकुल कुमार शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद थे।

समारोह को संबोधित करते हुए अतिथियों ने कहा कि विज्ञान और गणित केवल पाठ्यक्रम के विषय नहीं हैं, बल्कि जीवन को समझने और समस्याओं का समाधान खोजने के महत्वपूर्ण माध्यम हैं। विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, तार्किक सोच और नवाचार की भावना विकसित करना समय की आवश्यकता है।

क्षेत्रीय संयोजक राजाराम शर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता में झारखंड एवं बिहार की तीन समितियों में विद्या विकास समिति, लोक शिक्षा समिति और भारती शिक्षा समिति के विभिन्न विद्यालयों से आए छात्रों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों का चयन अखिल भारतीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए किया गया है। अब चयनित प्रतिभागी देशभर से आने वाले प्रतिभाशाली बाल वैज्ञानिकों और गणितज्ञों के साथ अखिल भारतीय स्तर की प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

क्षेत्रीय विज्ञान-गणित मेले में विद्या विकास समिति, झारखंड ने सर्वाधिक पुरस्कार हासिल कर ओवरऑल चैंपियन का खिताब अपने नाम किया। इस उपलब्धि के बाद समिति से जुड़े विद्यालयों, आचार्यों, प्रतिभागी भैया-बहनों एवं अभिभावकों में उत्साह का माहौल रहा।

मेले के दौरान विद्यालय परिसर में विज्ञान, गणित, प्रयोग, नवाचार और रचनात्मकता का संगम देखने को मिला। अलग-अलग विद्यालयों से आए प्रतिभागियों ने एक-दूसरे के मॉडल एवं प्रयोगों को देखा और नई जानकारियां हासिल कीं। आयोजन ने विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ आपसी संवाद और अनुभव साझा करने का अवसर भी दिया।

समापन समारोह में विद्यालय प्रबंधन, आयोजन समिति, निर्णायक मंडल, आचार्य-आचार्या, अभिभावक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित थे। अतिथियों ने सफल आयोजन के लिए विद्यालय परिवार और आयोजन समिति के प्रयासों की सराहना की एवं अखिल भारतीय प्रतियोगिता के लिए चयनित प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश