अंधविश्वास में युवक ने पीट-पीटकर वृद्ध महिला की कर दी हत्या, गिरफ्तार

 


दुमका, 28 अप्रैल (हि.स.)। अंधविश्वास में एक वृद्ध महिला की युवक ने जान ले ली। आरोपित युवक ने पड़ोस में रहने वाली महिला को लाठी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। शादी के 10 साल बीत जाने के बाद भी पिता नहीं बन पाने पर आरोपित युवक ने वृद्ध महिला के जरिेये जादू टोना करने के संदेह में हत्या काे अंजाम दिया।

घटना के बाद पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। जानकारी के अनुसार जिला के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के डुमरसोल गांव निवासी 35 वर्षीय मुंशी टुडू ने अपनी पड़ोस में रहने वाली 55 साल की एक विधवा महिला पक्कू हेम्ब्रम की लाठी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। आरोपित युवक की शादी 10 साल पहले हुई थी लेकिन 10 साल के बाद भी युवक पिता नहीं बन पाया था।

वहीं पड़ोस में रहने की वजह से महिला पक्कू हेंब्रम का मुंशी के घर हमेशा आना जाना लगा रहता था। पिछले साल युवक के पिता की भी मौत हो गई थी। इन सब मामलों के पीछे युवक, विधवा महिला पक्कू को ही दोषी मानता था। युवक को लगता था कि महिला डायन है। जिसकी वजह से उसका पूरा परिवार बर्बाद हो गया। साथ ही महिला घर से निकलते ही टोक दिया करती है, जिस कारण उसका कोई भी काम नहीं हो पाता था। आरोपित युवक मुंशी टुडू अंधविश्वास में इस कदर अंधा हो गया था कि उसने ठान लिया कि अब वह महिला को जान से मार देगा।

सोमवार की रात आरोपित युवक ने किसी बहाने महिला को घर बुलाया और लाठी-डंडों से पीट-पीट कर उसे मौत के घाट उतार दिया। महिला की हत्या से पूरे गांव में हड़कंप मच गया। जैसे ही इसकी जानकारी गांव के चाैकीदार को लगी। घटना की जानकारी मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंच भागने का प्रयास कर रहे मुंशी टुडू को धर दबोचा और हत्या में प्रयुक्त डंडे को भी बरामद कर लिया। साथ ही मृतक की बेटी मकलू हांसदा के बयान के आधार पर केस दर्ज किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नीरज कुमार