संदिग्ध अवस्था में बेहोश मिले प्रेमी युगल, युवक की हालत गंभीर
रामगढ़, 17 नवंबर (हि.स.)। शहर के कोइरी टोला स्थित एक मकान में रविवार को एक युवक और युवती संदिग्ध परिस्थितियों में बेहोशी की हालत में मिले।
घटना की सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही रामगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही युवक के परिजन उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जा चुके थे। वहीं, पुलिस ने बेहोश युवती को सदर अस्पताल में भर्ती कराया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए रामगढ़ थाना प्रभारी गजेंद्र कुमार पांडे ने तत्काल पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत को इसकी जानकारी दी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवक मूल रूप से गोला थाना क्षेत्र का निवासी है, जबकि युवती विधवा बताई जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार युवक का युवती के घर अक्सर आना-जाना था।
पुलिस को घटनास्थल से चूहे मारने की दवा, कुछ विटामिन की गोलियां और गर्भपात से संबंधित दवाइयां मिली हैं। हालांकि, चूहे मारने की दवा का पैकेट खुला हुआ नहीं था। इन दवाइयों की मौजूदगी और दोनों के बेहोश मिलने की परिस्थितियों को लेकर पुलिस विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।
इधर, मंगलवार को युवक के परिजन रामगढ़ थाना पहुंचे और युवती के खिलाफ आवेदन दिया। परिजनों के अनुसार युवक की स्थिति गंभीर बनी हुई है और उसका रांची के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है।
थाना प्रभारी गजेंद्र कुमार पांडे ने बताया कि पूरे मामले की गंभीरता से छानबीन की जा रही है। युवती इलाज के बाद स्वस्थ होकर अपने घर लौट गई है, जबकि युवक की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर दोनों किन परिस्थितियों में बेहोश हुए थे। हालांकि मामला संवेदनशील होने के कारण पुलिस ने दोनों की पहचान सार्वजनिक नहीं की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश