योग से मनुष्य जीवन की कठिनाइयों पर पा सकता है विजय : पवन
रांची, 11 नवंबर (हि.स.)। भाईदूज के अवसर पर हरमू रोड स्थित ब्रह्माकुमारी संस्थान में बुधवार को आध्यात्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि समाजसेवी पवन कुमार ने कहा कि योग और ज्ञान की शक्ति से मनुष्य जीवन की कठिनाइयों पर विजय प्राप्त कर सकता है। योगी आत्माएं सात्विक विचारों और श्रेष्ठ कर्मों के बल पर काल के भय से मुक्त रहती हैं। ज्ञान और योग के माध्यम से व्यक्ति अपने जीवन को सफल बना सकता है।
मौके पर संस्थान की केंद्र प्रशासिका निर्मला बहन ने कहा कि मनुष्य नश्वर शरीर नहीं, बल्कि अविनाशी आत्मा है। भृकुटि के मध्य आत्मा का निवास माना गया है। आत्मिक स्वरूप की अनुभूति और परमात्मा से जुड़ाव मनुष्य को श्रेष्ठ कर्मों की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि संसार परिवर्तनशील है और प्रत्येक व्यक्ति को अपने कर्मों का फल भोगना पड़ता है। इसलिए जीवन में पवित्रता, मर्यादा और सद्भाव बनाए रखना आवश्यक है।
कार्यक्रम में कई गणमान्य लोग मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar