योग मानसिक, बौद्धिक और आध्यात्मिक विकास का माध्यम : डॉ सुदेश

 


रांची, 30 मई (हि.स.)।

रांची विश्वविद्यालय (विवि) के हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर और स्कूल ऑफ योग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित 21 दिवसीय योगा शिविर शनिवार को संपन्न हुआ।

पांच मई 2026 से 30 मई 2026 तक चले इस शिविर के समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि छात्र कल्याण संकायाध्यक्ष (डीएसडब्ल्यू) डॉ सुदेश साहू ने कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य तक सीमित नहीं है, बल्कि मानसिक, बौद्धिक और आध्यात्मिक विकास का भी प्रभावी माध्यम है। उन्होंने प्रतिभागियों को नियमित रूप से योग अपनाने के लिए प्रेरित किया और विश्वविद्यालय की इस पहल की सराहना की।

कार्यक्रम की शुरुआत स्कूल ऑफ योग के निदेशक डॉ आशीष कुमार झा के स्वागत भाषण से हुई। उन्होंने शिविर के अनुभव साझा करते हुए प्रतिभागियों को योग को जीवनशैली का हिस्सा बनाने का संदेश दिया। विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो डॉ सरोज शर्मा और हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर के निदेशक डॉ परवेज हसन ने वर्चुअल माध्यम से शुभकामनाएं देते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजन जारी रखने पर बल दिया।

समन्वयकों ने बताया कि शिविर के दौरान प्रतिभागियों को योगासन, प्राणायाम, ध्यान और स्वस्थ जीवनशैली संबंधी प्रशिक्षण दिया गया, जिससे उनके स्वास्थ्य, एकाग्रता एवं आत्मविश्वास में सकारात्मक बदलाव देखने को मिला। समारोह में प्रशिक्षकों एवं प्रतिभागियों को उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी, विद्यार्थी, चिकित्सक और बडी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar