झारखंड के छह जिलों में 23 अगस्त को भारी बारिश का येलो अलर्ट

 




रांची, 21 अगस्त (हि.स.)। झारखंड के छह जिलों में 23 अगस्त (रविवार) को भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने इसे लेकर शुक्रवार को येलो अलर्ट जारी किया है। प्रभावित जिलों में उत्तर-पश्चिमी क्षेत्र के पलामू, गढ़वा और चतरा तथा दक्षिण-पश्चिमी क्षेत्र के गुमला, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम शामिल हैं।

मौसम विभाग के अनुसार, इन जिलों में रविवार को गरज के साथ भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने तथा कुछ स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है।

इधर, पिछले तीन-चार दिनों से हो रही बारिश के बाद शुक्रवार को राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ और खुशनुमा रहा। बारिश नहीं होने से लोगों को राहत मिली और सामान्य जनजीवन पटरी पर लौटता नजर आया। गली-मोहल्लों में जमा पानी भी धीरे-धीरे कम होने लगा है। जिन इलाकों में बारिश का पानी घरों में घुस गया था, वहां भी लोगों ने राहत की सांस ली।

पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक 14 मिलीमीटर बारिश गिरिडीह में दर्ज की गई। इस दौरान बहरागोड़ा में अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस और लातेहार में न्यूनतम तापमान 21.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

शुक्रवार को रांची और आसपास के इलाकों में सुबह से ही बादल छाए रहे। हालांकि बारिश नहीं हुई। दिनभर गर्मी और भारी उमस के कारण लोग परेशान रहे।

शुक्रवार को रांची में अधिकतम तापमान 27.1 डिग्री और न्यूनतम 22.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 33.7 और न्यूनतम 25.8 डिग्री, डाल्टनगंज में 32.1 और 25.6 डिग्री, बोकारो में 32.1 और 25.6 डिग्री तथा चाईबासा में 30.8 और 23.6 डिग्री सेल्सियस रहा।

लातेहार में अधिकतम तापमान 27.9 और न्यूनतम 21.5 डिग्री, सरायकेला में 34.5 और 25.4 डिग्री तथा पाकुड़ में अधिकतम 34 और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak