झारखंड के सात जिलों में 10 सितंबर को भारी बारिश का येलो अलर्ट
- रांची, रामगढ़, हजारीबाग, कोडरमा, बोकारो और धनबाद में भारी बारिश की संभावना- रांची में पिछले 24 घंटे में सबसे अधिक 60.4 मिमी बारिश
रांची, 08 सितंबर (हि.स.)। झारखंड में एक बार फिर बारिश का दौर तेज होने की संभावना है। राजधानी रांची सहित राज्य के सात जिलों में 10 सितंबर को भारी बारिश होने की संभावना को देखते हुए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने मंगलवार को बताया कि इस दौरान रांची, रामगढ़, हजारीबाग, कोडरमा, बोकारो और धनबाद के अलावा उत्तर-पूर्वी झारखंड के गिरिडीह जिले में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में 14 सितंबर तक कई स्थानों पर गरज के साथ बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना बनी हुई है। इसे देखते हुए पूरे राज्य के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। लोगों को खराब मौसम के दौरान विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक बारिश राजधानी रांची में 60.4 मिलीमीटर रिकॉर्ड की गई। इस अवधि में चाईबासा राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 35.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं लातेहार में सबसे कम तापमान 20.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
इधर, मंगलवार को रांची और आसपास के इलाकों में सुबह मौसम साफ रहा। हालांकि दोपहर बाद आसमान में बादल छाए रहे और कुछ स्थानों पर छिटपुट बारिश हुई।
मंगलवार को रांची में अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 33.4 और न्यूनतम 26 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 32.8 और न्यूनतम 25.6 डिग्री तथा बोकारो में अधिकतम 31.1 और न्यूनतम 25.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। चाईबासा में अधिकतम तापमान 35.8 डिग्री और न्यूनतम 24.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak