ईसीएल कार्यालय में विश्व पर्यावरण दिवस पर पौधारोपण के साथ जागरूकता का संकल्प
गोड्डा, 05 जून (हि.स.)। ईसीएल के राजमहल क्षेत्र के क्षेत्रीय कार्यालय में विश्व पर्यावरण दिवस 2026 के अवसर पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण को लेकर शपथ ग्रहण, अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक (सीएमडी) का संदेश वाचन और विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने पर्यावरण संरक्षण की शपथ लेते हुए संकल्प लिया कि वे जल, वायु, वनस्पति और जीव-जंतुओं सहित सभी प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा करेंगे एवं अपने दैनिक जीवन में पर्यावरण अनुकूल व्यवहार अपनाएंगे। शपथ में यह भी दोहराया गया कि इको सिस्टम को नुकसान पहुंचाने वाली गतिविधियों से बचते हुए प्रदूषण नियंत्रण और सतत विकास के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।
इस मौके पर सीएमडी की ओर से दिए गए संदेश को भी पढ़कर सुनाया गया, जिसमें प्रकृति के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा गया कि पृथ्वी हमारे पूर्वजों से विरासत में नहीं बल्कि बच्चों से उधार ली गई धरोहर है। संदेश में पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और सतत विकास की दिशा में सामूहिक प्रयास की आवश्यकता पर जोर दिया गया। वर्ष 2026 के विश्व पर्यावरण दिवस की थीम प्रकृति से प्रेरणा, जलवायु के लिए हमारे भविष्य के लिए को अपनाने की अपील भी की गई।
कार्यक्रम का संचालन प्रबंधक (मानव संसाधन) प्रणव कुमार ने किया। क्षेत्रीय महाप्रबंधक के अवकाश पर रहने के कारण महाप्रबंधक पीके झा, ओपी चौधरी, एपीएम मनोज ई टुडू सहित अन्य अधिकारियों ने संबोधन में पर्यावरण संरक्षण को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने की अपील की। उन्होंने स्थानीय कामगारों को भी पर्यावरण के प्रति अपने कर्तव्यों को याद रखने का आह्वान किया।
केंद्रीय स्तर पर चलाए जा रहे मिशन लाइफ के तहत एक पेड़ मां के नाम अभियान के अंतर्गत सैकड़ों फलदार पौधों का वितरण किया गया। साथ ही क्षेत्रीय कार्यालय परिसर में अधिकारियों की ओर से पौधारोपण कर हरित संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान डीएवी पब्लिक स्कूल के छात्रों के बीच आयोजित विश्व पर्यावरण जागरूकता सप्ताह 2026 के अंतर्गत 03 जून को हुई पेंटिंग प्रतियोगिता के विजेताओं को भी पुरस्कृत किया गया। इसमें प्रथम स्थान पर प्रतीक कुमार, द्वितीय स्थान पर सुरभि कुमारी तथा तृतीय स्थान पर काजल कुमारी रहीं।
इस अवसर पर मजदूर नेताओं में अर्जुन महतो, रामजी साह, प्रवीण कुमार, राधेश्याम चौधरी सहित कई लोग उपस्थित रहे। वहीं अधिकारियों में पीके बरनवाल, संजीव कुमार सहित अन्य कर्मी भी कार्यक्रम में शामिल हुए। पर्यावरण विभाग के विशाल कुमार ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने मिलकर स्वच्छ, हरित और सतत भविष्य के निर्माण का संकल्प लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रंजीत कुमार