रिम्स-2 अस्पताल बनेगा 42 साै करोड़ रुपये की लागत से, 26 साै करोड़ देगा एडीबी

 


रांची, 25 मई (हि.स.)। राजधानी रांची में प्रस्तावित रिम्स-2 परियोजना को लेकर सोमवार को स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में नेपाल हाउस स्थित सभागार में एशियन डेवलपमेंट बैंक (एडीबी) की टीम के साथ एक उच्चस्तरीय बैठक हुई। बैठक में 4200 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले अत्याधुनिक अस्पताल की निर्माण योजना, वित्तीय प्रबंधन और तकनीकी पहलुओं पर विस्तार से ठोस रूप से चर्चा की गई।

अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने कहा कि रिम्स-2 को केवल अस्पताल नहीं, बल्कि सुपर स्पेशियलिटी सुविधाओं, आधुनिक चिकित्सा शिक्षा और रिसर्च केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता है कि झारखंड के लोगों को बेहतर इलाज के लिए दूसरे राज्यों पर निर्भर न रहना पड़े। उन्होंने यह भी जानकारी दी गई कि आने वाले छह महीनों में लोन प्रक्रिया और अन्य औपचारिकताओं को अंतिम रूप दे दिया जाएगा। इसके बाद दिसंबर 2026 अथवा जनवरी 2027 से निर्माण कार्य शुरू होने की संभावना है। सरकार का लक्ष्य दो वर्षों के भीतर निर्माण कार्य पूरा कर अस्पताल को शुरू करना है।

बैठक में बताया गया कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए एडीबी करीब 2600 करोड़ रुपये का लोन उपलब्ध कराएगा। एडीबी की टीम रिम्स-2 परियोजना के लिए फैक्ट फाइंडिंग मिशन पर रांची पहुंची है और उसने परियोजना की वर्तमान स्थिति, अस्पताल की क्षमता, भवन संरचना, पर्यावरणीय सुरक्षा मानकों और भविष्य की स्वास्थ्य आवश्यकताओं की समीक्षा की। बैठक में स्वास्थ्य विभाग के उप सचिव ध्रुव प्रसाद, जेएसबीसीसीएल के अधिकारी, विभागीय पदाधिकारी तथा एडीबी के प्रतिनिधि मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar