बीएयू के पशुपतिनाथ मंदिर में हास्य योग पर कार्यशाला का आयोजन

 


रांची, 09 अक्टूबर (हि.स.)। बिरसा कृषि विश्वविद्यालय (बीएयू) के पशुपतिनाथ मंदिर में शुक्रवार को हास्ययोग कार्यशाला आयोजित की गयी।

कार्यक्रम का शुभारंभ गायत्री मंत्र से हुआ। इसके बाद अर्चना बर्णवाल और विद्या रानी ने अच्युतम केशवम कृष्ण दामोदरम.. सहित मधुर भजनों की प्रस्तुति देकर वातावरण को भक्तिमय बनाया।

हास्ययोग केंद्र के झारखंड प्रमुख प्रशिक्षक और संचालक अजीत कुमार ने अंतरराष्ट्रीय हास्ययोग गुरु जितेन कोही के मार्गदर्शन में देश के 22 राज्यों में संचालित हो रही हास्ययोग गतिविधियों की जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि आज की तनावपूर्ण जीवनशैली में लोग हंसना भूलते जा रहे हैं, जबकि हास्ययोग शारीरिक सक्रियता, मानसिक प्रसन्नता और सकारात्मक सोच विकसित करने का सहज माध्यम है। उन्होंने हंसता भारत, स्वस्थ भारत' और एक घंटा हास्ययोग, 23 घंटा निरोग का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

कार्यशाला में वार्मअप के बाद नमस्ते हास्ययोग, ताली, ट्रैक्टर, तांत्रिक, फोटो फ्रेम, लस्सी, मिर्ची और बैलून हास्य योग सहित अनेक रोचक हास्य प्रक्रियाएं कराई गईं।

प्रतिभागियों ने ठहाकों के साथ इन गतिविधियों का आनंद लिया। इसके बाद अनुलोम-विलोम, भ्रामरी, नाड़ी शोधन, कपालभाति एवं ॐ ध्वनि के अभ्यास कराए गए। अंत में तीन-चार मिनट की सामूहिक निरंतर हास्य क्रिया ने पूरे वातावरण को उल्लास से भर दिया।

कार्यशाला में आर्ट ऑफ लिविंग के तनावमुक्त जीवन एवं नशामुक्त भारत अभियान (5 से 18 अक्टूबर) के तहत उपस्थित लोगों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गयी। सभी ने स्वयं नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार, मित्रों और समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प दोहराया।

कार्यक्रम में हास्ययोग परिवार के जयप्रकाश प्रसाद, रूपेश कुमार, मंदिर प्रबंधकारिणी समिति के सदस्य डॉ अरविंद कुमार सिंह, डॉ सुशील कुमार पांडेय, सिद्धार्थ जायसवाल, केके सिन्हा सहित बीएयू के विद्यार्थी बड़ी संख्या में शामिल हुए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak