एचईसी के नए निदेशक (कार्मिक) ने लिया पदभार, यूनियन ने किया स्वागत

 


रांची, 28 अप्रैल (हि.स.)। हटिया प्रोजेक्ट वर्कर्स यूनियन के पदाधिकारियों ने मंगलवार को हेवी इंजीनियर्स कॉर्पोरेशन (एचईसी) लिमिटेड के नए निदेशक कार्मिक केके घोष से मुलाकात कर उनका स्वागत किया।

मौके पर निदेशक ने प्रभार ग्रहण किया इसके बाद एचईसी में आयोजित बैठक में यूनियन ने औद्योगिक शांति बनाए रखने और उत्पादन जारी रखने में सहयोग का भरोसा दिया।

बैठक में यूनियन के महामंत्री लीलाधर सिंह ने कहा कि यूनियन एचईसी को चलाने में विश्वास करती है। संस्थान का उत्पादन जारी रहने से कामगारों और उनके परिवारों की रोजी-रोटी जुड़ी है, इसलिए किसी भी कीमत पर उत्पादन बाधित नहीं होने दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि स्वागत बैठक होने के कारण विस्तृत मांगों पर चर्चा नहीं की गई, लेकिन कुछ महत्वपूर्ण मुद्दों की जानकारी निदेशक कार्मिक को दी गई। इनमें 2018 बैच के तकनीकी कामगारों की प्रोन्नति, वेतन नियमितीकरण, एचईसी नगर की मेंटेनेंस व्यवस्था बहाल करना और आवंटित क्वार्टरों से अवैध कब्जा हटाना शामिल है।

मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित निदेशक कार्मिक केके घोष ने यूनियन से सहयोग की अपेक्षा जताई और संस्थान के बेहतर संचालन के लिए संयुक्त प्रयास पर जोर दिया।

बैठक में वरीय प्रबंधक प्रशांत कुमार सहित यूनियन की ओर से गिरीश कुमार चौहान, दिलीप कुमार सिंह, राजेंद्र कांत महतो, भोला साव, धनंजय श्रीवास्तव सहित कई पदाधिकारी मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar