कई दलों के कार्यकर्ता हुए आजसू में शामिल
रांची, 12 अक्टूबर (हि.स.)। आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो के रांची के बुकरू स्थित आवासीय कार्यालय में मिलन समारोह का आयोजन सोमवार को किया गया।
इस अवसर पर कांके प्रखंड अध्यक्ष अमन शहदेव और मनोज कुमार के नेतृत्व में विभिन्न राजनीतिक एवं सामाजिक पृष्ठभूमि से जुड़े दर्जनों युवाओं और समाजसेवियों ने आजसू पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
सदस्यता ग्रहण करने वालों में प्रेम प्रकाश सिंह, आम आदमी पार्टी के रांची जिला अध्यक्ष ओम प्रकाश महतो, अशोक महतो, रंजीत महतो, बीरेन्द्र महतो, विश्वजीत महतो, संजय पहान, झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) से वेदप्रकाश महतो, मंतोष नायक, तौफीक राय, भोला महतो और संजय बैठा सहित अन्य लोग शामिल थे।
मौके पर सभी कार्यकर्ताओ ने आजसू पार्टी की विचारधारा, सिद्धांत और केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो के नेतृत्व एवं कार्यों से प्रभावित होकर पार्टी से जुड़ने का निर्णय लिया। इस अवसर पर सुदेश कुमार महतो ने सभी नए सदस्यों को अंगवस्त्र और माला पहनाकर संगठन में उनका स्वागत किया।
मौके पर सुदेश ने कहा कि युवाओं और समाजसेवियों का यह जुड़ाव झारखंड के उज्ज्वल भविष्य, सशक्त संगठन और जनसेवा के संकल्प को नई ऊर्जा प्रदान करेगा।
उन्हों ने कहा कि आजसू पार्टी का विश्वास है कि युवाओं की सक्रिय भागीदारी और सामूहिक प्रयासों से झारखंड के नवनिर्माण की दिशा में संगठनात्मक मजबूती को और गति मिलेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak