सफाईकर्मियों ने घेरा श्रम भवन घेरा, 10 दिनों में बैठक का आश्वासन

 


रांची, 04 नवंबर (हि.स.)। नगर निगम के सफाईकर्मियों, सहायकों, ड्राइवरों और खलासियों ने बुधवार को झारखंड नगर निकाय मजदूर यूनियन (सीटू) के बैनर तले लंबित मांगों को लेकर श्रम भवन का घेराव किया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में मजदूर शामिल हुए।

उन्होंने नगर निगम प्रबंधन और श्रम विभाग पर समझौते के बावजूद मांगों को लागू नहीं करने का आरोप लगाया। इस अवसर पर युनियन के अध्यक्ष भवन सिंह ने कहा कि मजदूरों की मांगों को लेकर पूर्व में नगर निगम प्रबंधन के साथ समझौता हुआ था, लेकिन लंबे समय बाद भी समझौते में दर्ज कई महत्वपूर्ण मांगों पर अमल नहीं किया गया। श्रम विभाग की ओर से भी कई बार आश्वासन दिए गए, लेकिन ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने चेतावनी दी कि निर्धारित समय में बैठक नहीं हुई और मांगों पर ठोस पहल नहीं की गई, तो व्यापक आंदोलन किया जाएगा।

घेराव के दौरान यूनियन के प्रतिनिधिमंडल ने श्रम आयुक्त की अनुपस्थिति में अपर श्रम आयुक्त से मुलाकात कर मजदूरों की समस्याएं रखीं।

इस अवसर पर अपर श्रम आयुक्त ने आश्वासन दिया कि अगले 10 दिनों के भीतर त्रिपक्षीय बैठक बुलाई जाएगी। यूनियन ने बताया कि बैठक का उद्देश्य पूर्व में स्वीकृत और समझौते में दर्ज मांगों का कार्यान्वयन सुनिश्चित करना होगा, न कि उन पर दोबारा बातचीत करना।

प्रदर्शन में भवन सिंह, प्रकाश टोप्पो, एसके राय, मंगरी सोय, सुजिता, प्रतीक मिश्रा, प्रफुल्ल लिंडा सहित अन्य लोग मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar