काला दिवस पर मजदूरों ने किया विरोध प्रदर्शन
रामगढ़, 01 अप्रैल (हि.स.)। संयुक्त ट्रेड यूनियनों के आह्वान पर रामगढ़ के नई सराय क्षेत्र में मोटिया और निर्माण मजदूरों ने काला दिवस मनाते हुए काला बिल्ला लगाकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान मजदूरों ने श्रम नीतियों के खिलाफ अपनी एकजुटता का प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान मजदूरों ने चार लेबर कोड नहीं चलेगा, वीबी-जी राम-जी कानून रद्द करो जैसे नारों के साथ केंद्र सरकार की नीतियों का विरोध किया। मजदूरों ने कहा कि ये नीतियां उनके अधिकारों को कमजोर करने वाली हैं।
इस मौके पर ऑल इंडिया सेंट्रल काउंसिल ऑफ ट्रेड यूनियन्स (एक्टू) के जिला सह राज्य उपाध्यक्ष अमल घोषाल ने कहा कि प्रस्तावित चार लेबर कोड मजदूरों के मौजूदा अधिकारों और सुरक्षा को खत्म करने की दिशा में कदम हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इससे कॉरपोरेट घरानों को फायदा पहुंचाने की कोशिश हो रही है।
उन्होंने मजदूरों से आह्वान किया कि वे अपने अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट होकर संघर्ष करें। उन्होंने कहा कि अगर समय रहते आवाज नहीं उठाई गई, तो आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है।
प्रदर्शन में मोटिया मजदूर यूनियन के जिला अध्यक्ष शिबू गंझू मुकेश कुमार महतो, सिटन भुइया, विजय चंद्र पोद्दार, कन्हाई भुइयां, राजेंद्र गंझू, पंचम मुंडा, अनिल कुमार सहित कई मजदूरों ने भाग लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश