महिला कर्मियों ने संभाली ट्रेन की पूरी जिम्मेदारी, महिला स्पेशल ट्रेन का हुआ संचालन
रांची, 08 मार्च (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर रविवार को रांची रेलवे स्टेशन पर महिला सशक्तिकरण की एक प्रेरणादायक तस्वीर देखने को मिली। इस खास दिन को यादगार बनाने के लिए रेल प्रशासन ने रांची से इरगांव के बीच चलने वाली एक यात्री ट्रेन के संचालन की पूरी जिम्मेदारी महिला कर्मचारियों को सौंप दी। इंजन से लेकर ट्रेन की सुरक्षा और यात्रियों की देखभाल तक हर जिम्मेदारी महिलाओं ने संभाली और अपने कौशल व दक्षता का परिचय दिया।
रेलवे के इस विशेष प्रयास के तहत महिला कर्मचारियों की एक पिंक टीम बनाई गई, जिसने ट्रेन के संचालन की पूरी कमान संभाली। इस टीम में कुल 15 महिला रेल कर्मियों को शामिल किया गया था। इनमें लोको पायलट, सहायक लोको पायलट, ट्रेन मैनेजर (गार्ड), टिकट परीक्षक (टीटीई) और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की महिला जवान शामिल थीं। सभी ने आपसी समन्वय और अनुशासन के साथ ट्रेन को सुरक्षित तरीके से निर्धारित समय पर रवाना किया और उसके संचालन की हर तकनीकी और प्रशासनिक जिम्मेदारी को सफलतापूर्वक निभाया।
इस विशेष ट्रेन की लोको पायलट दीपाली थीं, जिन्होंने पूरे आत्मविश्वास के साथ ट्रेन का संचालन किया।
रांची रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के रवाना होने से पहले एक छोटा सा सम्मान समारोह भी आयोजित किया गया। इस दौरान रांची रेल मंडल की सीनियर डिविजनल कमर्शियल मैनेजर (डीसीएम) सूची सिंह ने सभी महिला रेल कर्मचारियों को गुलाब का फूल भेंट कर सम्मानित किया और उनके योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं और भारतीय रेल में भी उनकी भागीदारी लगातार बढ़ रही है।
उन्होंने कहा कि रेलवे के तकनीकी और चुनौतीपूर्ण कार्यों में महिलाओं की भागीदारी न केवल उनकी क्षमता को दर्शाती है बल्कि आने वाली पीढ़ियों की लड़कियों को भी प्रेरणा देती है। इस तरह के प्रयासों से महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ता है और समाज में लैंगिक समानता को भी मजबूती मिलती है।
इस अवसर पर स्टेशन परिसर में मौजूद यात्रियों ने भी इस पहल का गर्मजोशी से स्वागत किया। जैसे ही महिला टीम के नेतृत्व में ट्रेन रवाना हुई, यात्रियों और स्टेशन पर मौजूद लोगों ने तालियां बजाकर उनका उत्साहवर्धन किया। कई यात्रियों ने कहा कि महिला दिवस पर इस तरह की पहल से यह संदेश जाता है कि महिलाएं किसी भी जिम्मेदारी को निभाने में पूरी तरह सक्षम हैं।
मौके पर रेलवे अधिकारियों ने बताया कि भारतीय रेल में महिला कर्मचारियों की संख्या लगातार बढ़ रही है और अब वे संचालन, तकनीकी कार्य, सुरक्षा और प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में भी अपनी सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। रांची मंडल द्वारा महिला दिवस पर की गई यह पहल महिलाओं की क्षमता और नेतृत्व को सम्मान देने के साथ-साथ समाज में सकारात्मक संदेश देने का भी एक प्रयास है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे