सरहुल पर्व की तैयारी तेज, रांची में महिलाओं का सम्मान समारोह आयोजित
रांची, 18 मार्च (हि. स.)। झारखंड का प्रमुख आदिवासी प्रकृति पर्व सरहुल इस वर्ष 21 मार्च को पूरे उत्साह और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया जाएगा। पर्व के मद्देनजर बुधवार को कांके रोड स्थित पूर्व महापौर अशोक कुमार सिंह के वार्ड संख्या-2 स्थित आवास पर मिसिरगोंदा क्षेत्र की महिलाओं के लिए एक विशेष बैठक एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
इस कार्यक्रम का उद्देश्य सरहुल पर्व से पूर्व समाज में सकारात्मक माहौल तैयार करना और सामुदायिक एकता को मजबूत करना था। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया और पारंपरिक तरीके से आयोजन को सफल बनाया।
कार्यक्रम के दौरान सभी महिलाओं को पारंपरिक लाल पाड़ साड़ी भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही पारंपरिक व्यंजनों के साथ सामूहिक भोज का आयोजन किया गया, जिससे कार्यक्रम में सांस्कृतिक रंग और भी गहरा हो गया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि सरहुल केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि प्रकृति, संस्कृति और सामुदायिक एकजुटता का प्रतीक है। इसे संरक्षित और समृद्ध करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि इस पर्व को पारंपरिक गरिमा, स्वच्छता और आपसी सद्भाव के साथ मनाएं।
बैठक में शामिल महिलाओं ने भी सामूहिक रूप से संकल्प लिया कि इस वर्ष सरहुल पर्व को और अधिक हर्षोल्लास, पारंपरिक रीति-रिवाजों और स्वच्छ वातावरण के साथ मनाया जाएगा।
कार्यक्रम में पूर्व मेयर अशोक कुमार सिंह, महावीर लकड़ा, मनोज राव, सुरेश टोप्पो, अनिल लकड़ा सहित सैकड़ों महिलाएं उपस्थित थीं। वहीं अग्नि टोप्पो, लॉरी लकड़ा, इतवारी कच्छप, मेरी कुजूर, पुष्पा राव, सुमन टोप्पो, संगीता उरांव, आशा उरांव, चंपू राम, कदमी बंधु, अलका टोप्पो समेत अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।
आयोजन समिति में अशोक कुमार सिंह, महावीर लकड़ा, अनिल उरांव, मनोज उरांव, महादेव उरांव, सुरेश टोप्पो, विनीता उरांव, भोलीरा उरांव और लीलावती उरांव सहित कई लोग सक्रिय रूप से जुड़े रहे।
यह आयोजन सरहुल पर्व की तैयारियों के साथ-साथ समाज में एकता और सांस्कृतिक जागरूकता का संदेश देने में सफल रहा।----------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak