महिला किसान दिवस पर छह उत्कृष्ट महिला किसान सम्मानित

 


खूंटी, 15 अक्टूबर (हि.स.)। कृषि क्षेत्र में महिलाओं के योगदान, उनकी मेहनत और उपलब्धियों को सम्मान देने के उद्देश्य से गुरुवार को संयुक्त कृषि भवन के सभागार में अंतरराष्ट्रीय महिला किसान दिवस का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का मुख्य विषय ‘विकसित कृषि और विकसित भारत के निर्माण में महिला किसानों की भूमिका’ रहा। इस अवसर पर जिले के विभिन्न प्रखंडों से आई छह उत्कृष्ट महिला किसानों को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित जिला कृषि पदाधिकारी ने कृषि क्षेत्र में महिला किसानों की बढ़ती सहभागिता और उनके योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि कृषि व्यवस्था को मजबूत बनाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को आगे बढ़ाने में महिलाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। महिला किसान खेती-किसानी के साथ-साथ परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने और आजीविका के नए अवसर विकसित करने में भी अहम योगदान दे रही हैं।

वहीं, आत्मा के परियोजना निदेशक ने कृषि विभाग की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कृषि के विकास में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने और सरकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक महिला किसानों तक पहुंचाने की आवश्यकता पर बल दिया। कार्यक्रम में विभिन्न प्रखंडों से पहुंची महिला किसानों ने अपने अनुभव और सफलता की कहानियां साझा कीं। उन्होंने कृषि योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में सक्रिय भागीदारी निभाने और आधुनिक कृषि पद्धतियों को अपनाकर खेती को अधिक लाभकारी बनाने की इच्छा जताई।

इस दौरान छह प्रखंडों की एक-एक उत्कृष्ट महिला किसान को सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में खूंटी से पुष्पा देवी, अड़की से चंपा देवी, कर्रा से प्रभा देवी, मुरहू से सुसाना कंडील, रनिया से अंकिता खलखो और तोरपा से इतवारी देवी शामिल हैं।

कार्यक्रम में उप परियोजना निदेशक, आत्मा, एनएफएसएनएम टीए, सभी प्रखंडों के बीटीएम एवं एटीएम, जेएसएलपीएस की महिला सदस्य, एफपीओ और प्रदान से जुड़ी महिलाएं सहित अन्य उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मिश्रा