तबीयत बिगड़ने से बेहोश हुई महिला कांवरिया, सुरक्षाकर्मियों ने संभाला

 

देवघर, 22 अगस्त (हि.स.)। श्रावणी मेला के दौरान श्रद्धालुओं की सेवा और सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी अपनी ड्यूटी निभाने के साथ-साथ मानवीय संवेदनशीलता का भी परिचय दे रहे हैं। मेला क्षेत्र में ऐसी कई तस्वीरें सामने आ रही हैं, जो पुलिस और प्रशासन के सेवा भाव को दर्शाती हैं।

इसी क्रम में जलसार पार्क के समीप बाबा बैद्यनाथ धाम में जलार्पण के लिए कतार में लगी एक महिला कांवरिया की अचानक तबीयत बिगड़ गई। देखते ही देखते महिला बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ी। घटना के बाद कुछ देर के लिए आसपास मौजूद श्रद्धालुओं के बीच अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।

महिला को जमीन पर गिरता देख मौके पर ड्यूटी में तैनात सुरक्षाकर्मी तत्काल सक्रिय हो गए। एक पुलिस आरक्षी ने बिना समय गंवाए महिला को उठाया और स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचाया, जहां उसका प्राथमिक उपचार किया गया। सुरक्षाकर्मियों की तत्परता के कारण महिला को समय पर चिकित्सा सुविधा मिल सकी।

श्रावणी मेला में उमड़ रही श्रद्धालुओं की भारी भीड़, गर्मी और लंबी कतारों के बीच प्रशासन लगातार श्रद्धालुओं से अपनी सेहत का ध्यान रखने की अपील कर रहा है। किसी भी तरह की परेशानी महसूस होने पर तुरंत आसपास मौजूद सुरक्षाकर्मियों या स्वास्थ्यकर्मियों से सहायता लेने की सलाह दी जा रही है।

इस पूरे घटनाक्रम में सबसे सराहनीय बात रही कि पुलिसकर्मी ने केवल अपनी ड्यूटी तक सीमित न रहकर मानवीय संवेदना और सेवा भाव का परिचय दिया। श्रद्धालु की मदद के लिए तत्काल आगे बढ़कर उसे स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाना मेला ड्यूटी में तैनात जवानों की जिम्मेदारी, संवेदनशीलता और समर्पण की मिसाल पेश करता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy