मारवाड़ी सम्मेलन की महिलाओं ने सीआरपीएफ जवानों को बांधी राखी
रांची, 22 अगस्त (हि.स.)। अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला सम्मेलन, रांची शाखा की ओर से शनिवार को धुर्वा स्थित 133 बटालियन केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) कैंप में जवानों के साथ रक्षाबंधन पर्व मनाया गया। सम्मेलन की सदस्यों ने सैनिक भाइयों की कलाई पर राखी बांधकर उनके सुखद, स्वस्थ और सुरक्षित जीवन की कामना की।
रक्षाबंधन के दौरान कई जवान भावुक हो गए। जवानों ने बताया कि ड्यूटी की व्यस्तता और देश के अलग-अलग हिस्सों में तैनाती के कारण वे कई वर्षों से अपनी बहनों से राखी नहीं बंधवा पाए हैं। उन्होंने बताया कि कभी उनकी तैनाती हिमाचल प्रदेश में रहती है तो राखी के समय बहनें कश्मीर में होती हैं और जब कश्मीर में तैनाती होती है तो ड्यूटी लद्दाख जैसे दूरस्थ क्षेत्रों में लग जाती है। ऐसे में सम्मेलन की महिलाओं द्वारा राखी बांधे जाने से उन्हें घर-परिवार और बहनों की याद आ गई।
जवानों ने सम्मेलन की सदस्यों से आग्रह किया कि वे हर वर्ष इसी तरह उनके साथ रक्षाबंधन पर्व मनाती रहें। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन से उन्हें परिवार से दूर रहने के बावजूद अपनापन और भावनात्मक संबल मिलता है।
इस अवसर पर उर्मिला पाड़िया ने रक्षाबंधन पर आधारित गीत प्रस्तुत किया, जिससे कार्यक्रम का माहौल भावुक हो गया।
कार्यक्रम में अलका सरावगी, सरिता अग्रवाल, मधु सराफ, मंजू केडिया, बीना मोदी, रीना सुरेखा, उर्मिला पाड़िया, प्रीति पोद्दार, सुनीता मेवाड़ा, सीमा खेमका, सीमा टांटिया, सुनीता सरावगी, सीमा पोद्दार सहित सम्मेलन की अन्य सदस्यों ने सहयोग किया।
इस दौरान 133 बटालियन सीआरपीएफ कैंप के कमांडेंट दीपक कुमार सिंह, सहायक कमांडेंट शांति तिर्की बस्पत, एसएम फिंटस कुमार तथा बीएचएम एचसी-जीडी ओंकार कुमार सहित अन्य जवान मौजूद रहे।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar