दिवाली ट्रेड फेयर में महिला उद्यमियों ने किया साढ़े पांच लाख का कारोबार

 


रांची, 26 अक्टूबर (हि.स.)।

मारवाड़ी सहायक समिति की पहल अपनों की उड़ान की चौथी बैठक को लेकर महिला उद्यमियों को प्रोत्साहित करने के लिए दिवाली ट्रेड फेयर का आयोजन किया गया। इस पहल के तहत पिछले महीनों में सदस्यों के आपसी सहयोग से लगभग साढ़े पांच लाख रुपये का कारोबार हुआ। इस अवसर पर नम्रता अग्रवाल को स्टार ऑफ द मंथ’ चुना गया। यह जानकारी समिति की ओर से सोमवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में दी गई।

जारी विज्ञप्ति में बताया गया कि अपनों की उड़ान का मुख्य उद्देश्य महिला सशक्तिकरण, उद्यमिता और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देना है। इस पहल के माध्यम से महिला उद्यमियों को अपने उत्पादों और सेवाओं के प्रदर्शन, व्यवसाय के विस्तार और नए ग्राहकों तक पहुंच बनाने का अवसर मिल रहा है। आयोजकों के अनुसार, आपसी सहयोग से महिला उद्यमियों को अपने कारोबार को आगे बढ़ाने और एक-दूसरे के व्यवसाय को प्रोत्साहित करने में मदद मिल रही है। दिवाली ट्रेड फेयर जैसी गतिविधियां महिलाओं को व्यावसायिक मंच उपलब्ध कराने के साथ आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने के अवसर देती हैं।

मौके पर संस्था की अध्यक्ष शिखा अग्रवाल, खुशबू अग्रवाल और मोनिका अग्रवाल सह अध्यक्ष हैं। कार्यक्रम में समिति के पदाधिकारी सुरेश अग्रवाल, ललित पोद्दार, अशोक नारसरिया और कौशल राजगढ़िया सहित अन्य सदस्य मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar