सामूहिक दुष्कर्म के बाद महिला की हत्या, चार गिरफ्तार
रांची, 24 जून (हि.स.)। पुलिस ने अरगोड़ा थाना क्षेत्र से अगवा की गई महिला की सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या मामले का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्याकांड को अंजाम देने वाली महिला सहित चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपितों के पास से घटना में इस्तेमाल की गई फर्जी नंबर प्लेट लगी सफेद रंग की अर्टिगा कार और अवैध हथियार बरामद किए गए हैं।
मृतका की पहचान रेखा देवी के रूप में हुई है, जो अरगोड़ा में ठेले पर गुपचुप (गोलगप्पे) बेचकर अपना जीवन-यापन करती थी। अनुसंधान में यह बात सामने आई कि रेखा देवी के पड़ोस में रहने वाली संध्या कुमारी के पति जीवा तिग्गा के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। संध्या कुमारी ने अपने भाई रमेश उरांव और उसके दोस्त कृष्णा दास गोस्वामी, और लखन उरांव के साथ मिलकर रेखा देवी के अपहरण और हत्या की पूरी साजिश रची।
हटिया डीएसपी नीरज ने बुधवार को बताया कि गत 19 जून 2026 को आरोपियों ने अरगोड़ा थाना क्षेत्र से फर्जी नंबर प्लेट लगी सफेद अर्टिगा कार के जरिए रेखा देवी का अपहरण कर लिया। इसके बाद आरोपितों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया और फिर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी। 21 जून 2026 को तुपुदाना ओपी के अंतर्गत दसमाईल से तुंजू जाने वाली पक्की सड़क पर सिरी सोहराई पहाड़ के पास पुलिस को एक अज्ञात महिला का शव मिला, जिसके शरीर पर गंभीर चोटों के निशान थे। शव के पास से दुष्कर्म से संबंधित संदिग्ध वस्तुएं भी बरामद हुईं। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल की टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए।
रांची के वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। छापेमारी में पुलिस ने संध्या कुमारी, रमेश उरांव, कृष्णदास गोस्वामी, लखन उरांव को हथियार और कार के साथ गिरफ्तार किया। आरोपितों के पास से फर्जी नंबर लगी एक सफेद रंग की अर्टिगा कार, एक देसी पिस्तौल, दो देसी कट्टा, नौ जिंदा कारतूस और चार मोबाइल फोन जब्त किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे