मानव तस्करी की शिकार नाबालिग बरामद, महिला तस्कर गिरफ्तार
पश्चिमी सिंहभूम, 06 अगस्त (हि.स.)। पश्चिमी सिंहभूम पुलिस ने मानव तस्करी के एक मामले में सफलता हासिल करते हुए एक नाबालिग को सकुशल बरामद कर लिया है। साथ ही वर्ष 2023 के एक मामले में फरार चल रही नामजद अभियुक्ता रेणु तुरा को भी दिल्ली से गिरफ्तार किया है।
इसकी जानकारी गुरुवार को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर कार्यालय, चाईबासा में आयोजित प्रेस वार्ता में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) चक्रधरपुर डॉ सैय्यद मुस्तफा हाशमी ने दी।
उन्होंने बताया कि अहतु थाना में 10 जुलाई 2026 को पीड़िता की मां की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया था। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई।
डॉ सैय्यद मुस्तफा हाशमी के निर्देशन में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। टीम 29 जुलाई 2026 को दिल्ली रवाना हुई और लगातार प्रयास के बाद 03 अगस्त 2026 को पीड़िता को सकुशल बरामद कर चाईबासा लाई। इसके बाद पीड़िता का चिकित्सीय परीक्षण सदर अस्पताल, चाईबासा में कराया गया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए उसे बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी), चाईबासा के समक्ष प्रस्तुत किया गया। मामले की आगे की जांच जारी है।
इसी अभियान के दौरान अहतु थाना की नामजद अभियुक्ता रेणु तुरा, निवासी सेक्टर-6, रोहिणी, दिल्ली को भी गिरफ्तार किया गया। उसके खिलाफ चाईबासा न्यायालय से कुर्की वारंट जारी था। पुलिस ने विधिसम्मत कार्रवाई के बाद 03 अगस्त 2026 को उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया।
पुलिस के अनुसार रेणु तुरा के विरुद्ध चाईबासा के अलावा देहरादून और दिल्ली के विभिन्न थानों में मानव तस्करी, धोखाधड़ी, धमकी, पॉक्सो एक्ट और जेजे एक्ट से जुड़े कई गंभीर मामले दर्ज हैं। इस अभियान में अनुसंधानकर्ता पुनीत उरांव के नेतृत्व में सुमन टुडू, दुबराज हेम्ब्रम, हरिश्चंद्र प्रसाद, महिला आरक्षी जसिन्ता मिंज, महान्ती कुँवर, चिन्ता बोदरा तथा अन्य पुलिसकर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक